सारंगढ़-बिलाईगढ़, 13 अगस्त 2026। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी और जिला शिक्षा अधिकारी जे.आर. डहरिया के नेतृत्व में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में उल्लास महाचौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के माध्यम से आजादी के पर्व को साक्षरता, जागरूकता और कर्तव्यबोध से जोड़ते हुए गांव-गांव में जनभागीदारी बढ़ाने की तैयारी की गई है।
जिला परियोजना अधिकारी एवं नोडल अधिकारी रामेश्वर प्रसाद जांगड़े ने सभी बीपीओ को उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि उल्लास का मूलमंत्र ‘जन-जन साक्षर और कर्तव्य बोध’ है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक आयु के उन वयस्कों को सशक्त बनाना है, जिन्होंने किसी कारणवश स्कूली शिक्षा प्राप्त नहीं की है। साक्षरता के साथ उन्हें जीवनोपयोगी जानकारी, डिजिटल ज्ञान और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना भी कार्यक्रम का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आजादी के जश्न को ‘साक्षरता के उल्लास’ के रूप में मनाया जाएगा। इसके तहत जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में उल्लास महाचौपाल के लिए वातावरण निर्माण किया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ग्राम प्रभारी शिक्षक के नेतृत्व में महाचौपाल, जागरूकता गतिविधियों और उल्लास साक्षरता कक्षाओं के संचालन में आवश्यक सहयोग करेंगी।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के निर्देशानुसार जिले के सभी जनपद और ग्राम पंचायतों में साक्षरता से संबंधित नारा लेखन का कार्य भी कराया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में साक्षरता के संदेश को प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या 14 अगस्त को सरपंच एवं ग्राम प्रभारी के नेतृत्व में गांव के युवक-युवतियों, पुरुषों, महिलाओं और बुजुर्गों को जोड़कर उल्लास साक्षरता मोबाइल टॉर्च रैली, उल्लास मशाल रैली और प्रभात फेरी आयोजित की जाएगी। इन आयोजनों के माध्यम से साक्षरता के प्रति जनजागरूकता के साथ स्वतंत्रता दिवस के उत्साह को भी गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।
वहीं 15 अगस्त को ध्वजारोहण के बाद सामूहिक उल्लास शपथ और महाचौपाल का आयोजन होगा। इसके साथ ही कहानियों का कारवां, मातृत्व साक्षरता, अंगूठा मुक्त पंचायत, डिजिटल साक्षरता एवं सेल्फी प्वाइंट, ‘अंगूठे से कलम तक’ सम्मान समारोह, साक्षरता रंगोली, नुक्कड़ नाटक, उल्लास की घंटी तथा शिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र वितरण जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल निरक्षरता दूर करना ही नहीं, बल्कि ग्रामीण समुदाय को शिक्षा, डिजिटल ज्ञान, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए ‘साक्षर गांव, सशक्त समाज’ की दिशा में आगे बढ़ाना है। जिले में उल्लास महाचौपाल को सफल बनाने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

- सारंगढ़:स्वतंत्रता दिवस पर गांव-गांव गूंजेगा साक्षरता का उल्लास, जिले की सभी ग्राम पंचायतों में होगा महाचौपाल… - August 13, 2026
- सारंगढ़:मासूमों के सिर पर मंडरा रहा खतरा, जर्जर आंगनबाड़ी भवन में टपक रही छत! - August 13, 2026
- सारंगढ़:स्वतंत्रता दिवस समारोह की फाइनल रिहर्सल, कलेक्टर ने परखी तैयारियां… - August 13, 2026




