बरमकेला। जनपद पंचायत बरमकेला अंतर्गत ग्राम पंचायत बुदेली में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का भवन इन दिनों बदहाली की मार झेल रहा है। भवन की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि बारिश होते ही छत से पानी टपकने लगता है। ऐसे में केंद्र में आने वाले नन्हे-मुन्ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों में चिंता के साथ आक्रोश भी बढ़ता जा रहा है।
आंगनबाड़ी भवन की छत सहित अन्य हिस्सों में जर्जरता साफ नजर आती है। बारिश के दौरान भवन के भीतर पानी टपकने से बच्चों को बैठने तक में परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते भवन की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

नौनिहालों के लिए बना केंद्र, अब खुद बना खतरा
जिस आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा की व्यवस्था होनी चाहिए, वही भवन आज सुरक्षा के सवालों से घिरा हुआ है। जर्जर छत के नीचे मासूम बच्चों को बैठाना किसी खतरे से कम नहीं है।
ग्रामीणों का आरोप है कि भवन की स्थिति लंबे समय से खराब है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अब तक गंभीरता नहीं दिखाई गई। ऐसे में ग्रामीणों के बीच सवाल उठ रहा है कि क्या प्रशासन किसी हादसे का इंतजार कर रहा है?
ग्रामीणों में बढ़ रहा आक्रोश
बुदेली के ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि आंगनबाड़ी भवन का तत्काल निरीक्षण कराया जाए और स्थिति के अनुसार भवन की मरम्मत अथवा नए भवन का निर्माण कराया जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार नौनिहालों के बेहतर भविष्य और पोषण की बात करती है, लेकिन जब उन्हीं बच्चों के सिर पर सुरक्षित छत नहीं हो तो योजनाओं का लाभ कैसे सुनिश्चित होगा?
ग्रामीणों की दो टूक मांग है कि हादसा होने से पहले प्रशासन जागे और जर्जर आंगनबाड़ी भवन की तत्काल मरम्मत या नए भवन की व्यवस्था करे। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेते हैं और मासूम बच्चों की सुरक्षा के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं।


- सारंगढ़:स्वतंत्रता दिवस पर गांव-गांव गूंजेगा साक्षरता का उल्लास, जिले की सभी ग्राम पंचायतों में होगा महाचौपाल… - August 13, 2026
- सारंगढ़:मासूमों के सिर पर मंडरा रहा खतरा, जर्जर आंगनबाड़ी भवन में टपक रही छत! - August 13, 2026
- सारंगढ़:स्वतंत्रता दिवस समारोह की फाइनल रिहर्सल, कलेक्टर ने परखी तैयारियां… - August 13, 2026




