सारंगढ़-बिलाईगढ़, 13 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह को लेकर सारंगढ़ के खेलभाठा मैदान में गुरुवार को फाइनल रिहर्सल आयोजित की गई। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू की उपस्थिति में हुई इस रिहर्सल में समारोह के प्रत्येक कार्यक्रम और व्यवस्थाओं का बारीकी से अभ्यास किया गया। जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय, व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
फाइनल रिहर्सल के दौरान ध्वजारोहण, परेड, मार्चपास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार वितरण सहित विभिन्न कार्यक्रमों का अभ्यास कराया गया। परेड में शामिल टुकड़ियों ने निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप मार्चपास्ट एवं अन्य गतिविधियों का अभ्यास किया।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने मैदान में समारोह की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और आपसी समन्वय पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि समारोह बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में जिलेवासी शामिल होंगे। फाइनल रिहर्सल के साथ ही समारोह की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।

- सारंगढ़:स्वतंत्रता दिवस पर गांव-गांव गूंजेगा साक्षरता का उल्लास, जिले की सभी ग्राम पंचायतों में होगा महाचौपाल… - August 13, 2026
- सारंगढ़:मासूमों के सिर पर मंडरा रहा खतरा, जर्जर आंगनबाड़ी भवन में टपक रही छत! - August 13, 2026
- सारंगढ़:स्वतंत्रता दिवस समारोह की फाइनल रिहर्सल, कलेक्टर ने परखी तैयारियां… - August 13, 2026




