बरमकेला। राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बरमकेला ब्लॉक मुख्यालय में भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए लोगों ने देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा बरमकेला क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। जगह-जगह राष्ट्रीय ध्वज लहराते दिखाई दिए और लोगों में राष्ट्र के प्रति गौरव एवं सम्मान की भावना देखने को मिली। यात्रा में युवाओं, व्यापारियों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
तिरंगा यात्रा में कैट के जिलाध्यक्ष रतन शर्मा ने भी सहभागिता निभाई। उन्होंने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर पूरे उत्साह और गौरव के साथ यात्रा में शामिल होकर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना का संदेश दिया।
इस अवसर पर रतन शर्मा ने क्षेत्र के सभी व्यापारी बंधुओं एवं नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रदर्शित करने के लिए हर घर में तिरंगा और हर दुकान में तिरंगा जरूर फहराएं। उन्होंने कहा कि तिरंगा महज एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव के प्रति अपनी जिम्मेदारी को याद करने का भी अवसर है। तिरंगा यात्रा ने बरमकेला में राष्ट्रभक्ति और एकता की भावना को और मजबूत करने का काम किया।

- सारंगढ़:स्वतंत्रता दिवस पर गांव-गांव गूंजेगा साक्षरता का उल्लास, जिले की सभी ग्राम पंचायतों में होगा महाचौपाल… - August 13, 2026
- सारंगढ़:मासूमों के सिर पर मंडरा रहा खतरा, जर्जर आंगनबाड़ी भवन में टपक रही छत! - August 13, 2026
- सारंगढ़:स्वतंत्रता दिवस समारोह की फाइनल रिहर्सल, कलेक्टर ने परखी तैयारियां… - August 13, 2026




