सारंगढ़। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में समाज कल्याण विभाग की पहल ‘सक्षम सारंगढ़’ के तहत जिले में नई मिसाल कायम की जा रही है। कौशल उन्नयन आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण के बाद चार चिन्हित दिव्यांगजनों को लघु स्वरोजगार इकाई स्थापित करने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण सामग्री प्रदान की गई। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों की प्रतिभा और हुनर को पहचानकर उन्हें रोजगार से जोड़ना और सम्मानजनक जीवन की ओर आगे बढ़ाना है।
कलेक्ट्रेट परिसर सारंगढ़ में आयोजित विशेष कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती पदमिनी भोई साहू ने प्रशिक्षण प्राप्त चार दिव्यांगजनों को स्वरोजगार स्थापना के लिए प्रशिक्षण सामग्री प्रदान की। उन्होंने दिव्यांगजनों को स्वयं की चलित स्वरोजगार इकाई स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कलेक्टर श्रीमती पदमिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग द्वारा ‘सक्षम सारंगढ़’ थीम के अंतर्गत जिले के दिव्यांगजनों में छिपी प्रतिभाओं और हुनर की पहचान की जा रही है। इसके साथ ही उन्हें उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप कौशल उन्नयन का व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर लघु स्वरोजगार इकाई स्थापित करने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों को पुनर्वासित कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
समाज कल्याण विभाग ने इस अभियान के तहत जिले के 30 दिव्यांग युवाओं को पुनर्वासित कर स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अभियान के प्रथम चरण में चार दिव्यांग युवाओं को आवश्यक प्रशिक्षण एवं सहायता उपलब्ध कराकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाया गया है। प्रशिक्षण सामग्री मिलने के बाद ये युवा अपनी चलित स्वरोजगार इकाई शुरू कर आय अर्जित करने के साथ आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाएंगे।
यह पहल दिव्यांगजनों के लिए केवल प्रशिक्षण और सामग्री वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें उनकी क्षमता के अनुरूप रोजगार का अवसर देकर आत्मसम्मान और स्वावलंबन से जोड़ने का प्रयास है। ‘सक्षम सारंगढ़’ अभियान के माध्यम से जिले में दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी, एसडीएम उमेश कुमार साहू, समाज कल्याण अधिकारी विनय तिवारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

- फ्लाई ऐश डंपिंग पर विधायक उत्तरी जांगड़े सख्त, कलेक्टर से तत्काल कार्रवाई की मांग… - September 25, 2026
- कनकबीरा में पुलिस का नया पहरा, नई चौकी से अपराध पर लगेगी लगाम… - September 25, 2026
- दो बेटियों की पढ़ाई को मिला संबल, नौनिहाल छात्रवृत्ति से खिली लक्ष्मीनारायण के परिवार की उम्मीद… - September 25, 2026
