सारंगढ़। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास मंत्री तथा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने सोमवार शाम मंडी प्रांगण सारंगढ़ में स्वामित्व योजना के तहत नागरिकों को अधिकार अभिलेख (स्वामित्व कार्ड) वितरित किए। इस दौरान बड़ी संख्या में हितग्राही मौजूद रहे और उन्हें अपनी संपत्ति के अधिकार का दस्तावेज प्राप्त हुआ।
मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि स्वामित्व योजना ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को उनकी संपत्ति का कानूनी अधिकार प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक करीब 4 लाख अधिकार अभिलेख वितरित किए जा चुके हैं, जबकि सरकार ने 10 लाख अधिकार अभिलेख वितरण का लक्ष्य रखा है। आगामी वर्ष में इस लक्ष्य को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नवगठित सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में अब तक 15 हजार स्वामित्व कार्ड तैयार किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने पदभार ग्रहण करने के बाद 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना और महतारी वंदन योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन में बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद विकास कार्यों में कोई बाधा नहीं आने दी जा रही है।
मंत्री वर्मा ने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास की भावना के साथ समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बस्तर को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने और विकसित भारत-2047 के विजन को साकार करने का लक्ष्य लेकर सरकार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार संतों और समाज सुधारकों के विचारों से प्रेरणा लेकर समाज के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।
मंत्री ने हितग्राहियों से स्वामित्व कार्ड को सुरक्षित रखने की अपील करते हुए कहा कि यह दस्तावेज उनकी संपत्ति से जुड़े अधिकारों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि स्वामित्व कार्ड हितग्राहियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसके निर्माण के लिए जिले की राजस्व टीम द्वारा गांव-गांव जाकर घरों और संपत्तियों का सर्वे किया गया। उन्होंने इस कार्य में जुटे राजस्व अमले की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने जिम्मेदारी के साथ कार्य पूरा किया है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, उपाध्यक्ष अजय नायक, जिला पंचायत सदस्य दिनेश जांगड़े, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, गणमान्य नागरिक ज्योति लाल पटेल, सुभाष जालान, जगन्नाथ केशरवानी, मनोज जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

- “सारंगढ़ में 15 हजार स्वामित्व कार्ड तैयार, मंत्री वर्मा ने हितग्राहियों को सौंपे अधिकार अभिलेख”… - August 11, 2026
- हजारों बच्चों के हाथों में तिरंगा, गूंजे देशभक्ति के नारे; सारंगढ़ में निकली भव्य तिरंगा यात्रा… - August 11, 2026
- सारंगढ़:120 वर्षीय संत ने किया नर्मदेश्वर शिवलिंग का रुद्राभिषेक, सैकड़ों श्रद्धालु बने साक्षी… - August 11, 2026




