सारंगढ़। आजादी के गौरव और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत सारंगढ़ में मंगलवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिले के प्रभारी मंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस यात्रा में हजारों स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भारत माता की पूजा-अर्चना के साथ तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हुआ।
यात्रा भारत माता चौक से नंदा चौक, अटल परिसर होते हुए रानी लक्ष्मीबाई कॉम्प्लेक्स पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। हाथों में तिरंगा थामे हजारों स्कूली बच्चे जब “भारत माता की जय” और “जय जवान, जय किसान” जैसे ओजस्वी नारे लगाते हुए आगे बढ़े तो पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंग गया। मार्गभर नागरिकों ने भी तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
तिरंगा यात्रा के दौरान जिले के राइस मिलर्स, व्यापारी संघ और गोल्डन लायंस क्लब सहित विभिन्न संगठनों ने सहभागिता निभाते हुए यात्रियों के लिए केला, पानी, बिस्किट, माजा एवं कोल्ड ड्रिंक्स आदि का वितरण किया। संगठनों की इस पहल से यात्रा में शामिल बच्चों और लोगों को काफी राहत मिली।
यात्रा के दौरान प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी तथा वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में देशभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। तिरंगा केवल कपड़े का एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसकी शान के लिए लाखों देशभक्तों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। उन्होंने कहा कि तिरंगे में अंकित अशोक चक्र देश और प्रदेश की निरंतर प्रगति एवं विकास का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि तिरंगे के प्रति देशभक्ति की भावना ऐसी शक्ति है, जिसके सामने जात-पात और धर्म की दीवारें समाप्त हो जाती हैं। देश पर जब भी विषम परिस्थितियां आईं, भारतवासियों ने एकजुट होकर राष्ट्रहित में अपना योगदान दिया। झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, मंगल पांडेय और भगत सिंह जैसे महान क्रांतिकारियों ने हंसते-हंसते देश के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि सभी लोग पूरे सम्मान और गर्व के साथ अपने घरों में तिरंगा फहराएं।
कार्यक्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, उपाध्यक्ष अजय नायक, जिला पंचायत सदस्य दिनेश जांगड़े, पूर्व विधायक केरबाई मनहर सहित गणमान्य नागरिक जगन्नाथ पाणिग्राही, ज्योति लाल पटेल, सुभाष जालान, अरविन्द हरिप्रिया, शिव कुमारी चौहान, अमित अग्रवाल, मनोज जायसवाल, पूर्व सैनिक, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
सारंगढ़ की सड़कों पर उमड़ा यह जनसैलाब राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश देता नजर आया। हजारों हाथों में लहराते तिरंगे और गूंजते देशभक्ति के नारों ने पूरे शहर में स्वतंत्रता और राष्ट्रगौरव की भावना को और प्रबल कर दिया।



- फ्लाई ऐश डंपिंग पर विधायक उत्तरी जांगड़े सख्त, कलेक्टर से तत्काल कार्रवाई की मांग… - September 25, 2026
- कनकबीरा में पुलिस का नया पहरा, नई चौकी से अपराध पर लगेगी लगाम… - September 25, 2026
- दो बेटियों की पढ़ाई को मिला संबल, नौनिहाल छात्रवृत्ति से खिली लक्ष्मीनारायण के परिवार की उम्मीद… - September 25, 2026
