सारंगढ़। नगर के प्रसिद्ध गोपाल जी मंदिर छोटे मठ में नर्मदेश्वर शिवलिंग गोपेश्वर महादेव का विधि-विधान से भव्य रुद्राभिषेक संपन्न हुआ। यह धार्मिक अनुष्ठान 120 वर्षीय संत महंत श्री श्री 1008 श्री रामगोपाल दास जी, मारुतिधाम देवरघटा के करकमलों से संपन्न कराया गया। श्री गोपाल जी मंदिर छोटे मठ के महंत बंशीधर दास मिश्रा की ओर से रुद्राभिषेक का आयोजन कराया गया।
रुद्राभिषेक में बतौर यजमान 120 वर्षीय संत महंत श्री रामगोपाल दास जी ने भगवान शिव का विधिवत पूजन-अर्चन कर अभिषेक किया। मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के बीच हुए इस आयोजन से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। रुद्राभिषेक के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और भगवान गोपेश्वर महादेव के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
महंत रामगोपाल दास जी ने अपने सारंगढ़ से जुड़े पुराने संस्मरण साझा करते हुए बताया कि वर्ष 1935 से 1945 तक उन्होंने सारंगढ़ गोपाल जी मंदिर बड़े मठ के महंत के रूप में सेवा की। इसके बाद उन्होंने सारंगढ़ छोड़कर कुछ वर्षों तक पीपरडूला मंदिर की महंत गद्दी संभाली। तत्पश्चात उन्होंने शिवरीनारायण मंदिर में भी महंत की जिम्मेदारी निभाई।
राजनीति से सदैव दूर रहकर आध्यात्मिक एवं धार्मिक जीवन को प्राथमिकता देने वाले महंत रामगोपाल दास जी ने बाद में शिवरीनारायण छोड़कर देवरघटा में मारुतिधाम की स्थापना की। वर्तमान में वे वहीं महंत गद्दी संभाल रहे हैं और धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
रुद्राभिषेक के अवसर पर छोटे मठ मंदिर में सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। श्रद्धालुओं ने भगवान गोपेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।

- सारंगढ़:120 वर्षीय संत ने किया नर्मदेश्वर शिवलिंग का रुद्राभिषेक, सैकड़ों श्रद्धालु बने साक्षी… - August 11, 2026
- सारंगढ़:पहाड़ी ढलानों पर हरियाली की नई पहल, 5 हजार सीड बॉल का बीजारोपण…. - August 11, 2026
- सारंगढ़:रिक्शा चालक बंशी को मिला सहारा, सेवाभारती ने उपचार के साथ राशन की भी की व्यवस्था… - August 11, 2026




