सारंगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के नेतृत्व में जिले में चलाए जा रहे सीड बॉल अभियान को मंगलवार को नई मजबूती मिली। पुनर्वास मंत्री टंकराम वर्मा की उपस्थिति एवं सहभागिता में सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम छुहीपाली के पठारी क्षेत्र में 5 हजार सीड बॉल का बीजारोपण किया गया। इसके साथ ही नवनिर्मित डबरी की मेड़ पर 30 पौधों का रोपण भी किया गया। इस दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की वीबीजी रामजी योजना से जुड़े कर्मचारी तथा बिहान समूह की महिला सदस्य पूरे उत्साह के साथ अभियान में शामिल हुईं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री टंकराम वर्मा ने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने महिलाओं से महतारी वंदन योजना की राशि मिलने, बच्चों से उनका नाम, स्कूल और पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि उन्हें महतारी वंदन की राशि नियमित रूप से मिल रही है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में आठवीं कक्षा तक मिडिल स्कूल है, जबकि हाईस्कूल की पढ़ाई के लिए बच्चों को करीब 3 किलोमीटर दूर उच्चभिट्ठी जाना पड़ता है। मंत्री ने बच्चों से उनकी कक्षा और स्कूल का नाम पूछकर शिक्षा व्यवस्था की जानकारी भी ली।

पहाड़ से बहते पानी को रोकने की कवायद
वीबीजी रामजी योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद पंचायत सारंगढ़ के ग्राम पंचायत छुहीपाली में करीब दो हेक्टेयर क्षेत्र में पहाड़ की ढलानों पर स्टैगर्ड कंटूर ट्रेंच का निर्माण कराया जा रहा है। करीब 5.60 लाख रुपये की लागत से हो रहे इस कार्य का उद्देश्य पहाड़ से तेजी से बहने वाले वर्षाजल की गति को रोकना और पानी को जमीन के भीतर पहुंचाकर जलस्तर बढ़ाने के साथ मिट्टी के कटाव को रोकना है।
छुहीपाली के पहाड़ी क्षेत्र में पहले बारिश के दौरान बड़ी मात्रा में पानी बह जाता था, लेकिन उसका उपयोग नहीं हो पाता था। आसपास जलस्रोत नहीं होने के कारण पहाड़ी क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ता था। इसे देखते हुए योजना के तहत नए तालाब का निर्माण कराया गया है, जिसमें पहाड़ों से बहकर आने वाले पानी को एकत्रित किया जा सकेगा।
वर्तमान में करीब 2400 कंटूर ट्रेंच का निर्माण पूरा हो चुका है, जिनमें 5 हजार सीड बॉल का बीजारोपण किया गया। सीड बॉल से बारिश के साथ बीजों के अंकुरित होने और आने वाले समय में पहाड़ी क्षेत्र को हरियाली से आच्छादित करने की उम्मीद है। वहीं नवनिर्मित तालाब जल संरक्षण और संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस पूरी पहल से एक ओर जहां मृदा एवं जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों को बारिश के मौसम में स्थानीय स्तर पर रोजगार भी उपलब्ध हो रहा है। पहाड़ी क्षेत्र में जल संरक्षण, पौधरोपण और हरियाली बढ़ाने की यह पहल आने वाले समय में गांव के पर्यावरण और जलस्रोतों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।
कार्यक्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, एसपी सुनील शर्मा, जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, उपाध्यक्ष अजय नायक, सदस्य दिनेश जांगड़े, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, ज्योति पटेल, सुभाष जालान, जनपद सीईओ राधेश्याम नायक, संजू पटेल, शशिकांत गुप्ता, सरपंच रामगोपाल अजय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और सारंगढ़ ब्लॉक की बिहान महिला समूह की सदस्य उपस्थित रहीं।
- सारंगढ़:120 वर्षीय संत ने किया नर्मदेश्वर शिवलिंग का रुद्राभिषेक, सैकड़ों श्रद्धालु बने साक्षी… - August 11, 2026
- सारंगढ़:पहाड़ी ढलानों पर हरियाली की नई पहल, 5 हजार सीड बॉल का बीजारोपण…. - August 11, 2026
- सारंगढ़:रिक्शा चालक बंशी को मिला सहारा, सेवाभारती ने उपचार के साथ राशन की भी की व्यवस्था… - August 11, 2026




