सारंगढ़। सावन माह के पावन अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा द्वारा जिला भाजपा कार्यालय में भव्य सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक परंपराओं की मनमोहक झलक देखने को मिली। रंग-बिरंगी साड़ियों में सजी महिलाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने पूरे आयोजन को उत्सवमय बना दिया।
प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा विभा अवस्थी के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा, विशिष्ट अतिथि विधायक शकुंतला पोर्ते, जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल एवं जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष बैजयंती नंदराम लहरे ने पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित कर किया। महिला मोर्चा महामंत्री रागनी केसरवानी एवं शिवा अनिल साहू ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
सावन महोत्सव में मातृशक्ति ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। महिलाओं के लिए भक्ति-भजन, जलेबी दौड़, कुर्सी दौड़ सहित विभिन्न मनोरंजक एवं पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूरे आयोजन में सावन की हरियाली, उमंग और खुशियों का माहौल नजर आया। महिलाओं की रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा ने कार्यक्रम की सुंदरता में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि अगस्त क्रांति और सावन महोत्सव महिला मोर्चा द्वारा गरिमामय वातावरण में मनाया जा रहा है। उन्होंने भारत छोड़ो आंदोलन का स्मरण करते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में देश के हर क्षेत्र और समाज के लोगों ने अपना योगदान दिया। अनेक वीरों ने मातृभूमि के लिए हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहुति दी। उनके बलिदान के कारण ही आज देश स्वतंत्रता और लोकतंत्र के गौरव का अनुभव कर रहा है। मंत्री वर्मा ने आयोजन की सफलता के लिए जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष बैजयंती नंदराम लहरे की खुलकर सराहना की।
विशिष्ट अतिथि विधायक शकुंतला पोर्ते ने कहा कि महिला मोर्चा की सबसे बड़ी ताकत उसकी जमीनी सक्रियता है। आगामी तिरंगा यात्रा और संत शिरोमणि रविदास जयंती को भी उत्सव के रूप में मनाने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा पार्टी की रीढ़ है। समाज के हर वर्ग को पार्टी से जोड़ने और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने कार्यक्रम में महिलाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति और अनुशासन की भी सराहना की।
सावन महोत्सव के दौरान लगभग 1000 महिलाओं को सुहाग किट एवं साड़ी वितरित की गई। मंत्री टंक राम वर्मा, विधायक शकुंतला पोर्ते और जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल ने महिलाओं को सम्मानित करते हुए सामग्री का वितरण किया। इस दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष बैजयंती नंदराम लहरे ने कहा कि चुनौतियों से डरने के बजाय उनका सामना करना सीखना चाहिए, क्योंकि चुनौतियां ही व्यक्ति को महान सफलता के लिए तैयार करती हैं। उन्होंने सावन महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और महिलाओं का हृदय से आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रदेश मंत्री विद्या सिदार, जिला महिला मोर्चा प्रभारी गीतांजलि, महिला मोर्चा अध्यक्ष पुष्पा साहू, सरस्वती साहू, नंदिनी साहू, हीरा बाई, रमशिला साहू, रजीन चौहान, अंजू पटेल, ललिता पटेल, सरिता बंजारे, सविता गढ़तिया और रविता भारद्वाज सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की विशेष भूमिका रही। महिलाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने सावन महोत्सव को भव्य और यादगार बना दिया।







