छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मजदूर मंगलवार शाम एक निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे थे।

इसी दौरान मकान के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। जिस कारण से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
11 केवी हाईटेंशन लाइट की चपेट में आए मजदूर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काम के दौरान पहले एक मजदूर 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आया। जिसके बाद वहां काम कर रहे दूसरे मजदूर ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कस्तूरबा नगर रिंग रोड नंबर-2 की है।
दीवार जोड़ाई का काम चल रहा था
जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन मकान में दीवार जोड़ाई का काम चल रहा था। इसी दौरान सबसे पहले भूपेंद्र साहू मकान के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन से हो गया। उसे करंट लगते देख साथी मजदूर रवि बंजारे बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन वह भी बिजली की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि करंट लगते ही एक मजदूर नीचे गिर गया, जबकि दूसरा बिजली के तार में ही फंस गया।
मौके पर मची अफरा-तफरी
घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। हादसे की जानकारी सिविल लाइन पुलिस थाने को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान भूपेंद्र साहू और रवि बंजारे के रूप में हुई है। दोनों अशोक नगर स्थित डीएलएस कॉलेज के पास के निवासी थे।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि पुलिस की टीम के साथ बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में निर्माण स्थल के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन के बीच पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।




