सारंगढ़-बिलाईगढ़, 5 अगस्त 2026। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (पीएमएमएसवाई) जिले के मत्स्य पालकों के लिए आर्थिक मजबूती और सामाजिक सुरक्षा का मजबूत माध्यम बनकर उभर रही है। योजना के तहत मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के साथ ही हितग्राहियों को परियोजनाओं पर आकर्षक अनुदान और निःशुल्क दुर्घटना बीमा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
प्रभारी अधिकारी एन. पी. ओगरे से प्राप्त जानकारी के अनुसार, योजना के तहत सामान्य वर्ग के हितग्राहियों को परियोजना लागत का 40 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और महिला हितग्राहियों को 60 प्रतिशत तक वित्तीय सहायता अनुदान प्रदान किया जाता है। इससे मत्स्य पालन व्यवसाय शुरू करने और उसका विस्तार करने में बड़ी मदद मिल रही है।
योजना के अंतर्गत मत्स्य पालकों के लिए सामूहिक निःशुल्क दुर्घटना बीमा भी संचालित किया जा रहा है। इसके तहत दुर्घटना में मृत्यु होने पर 5 लाख रुपये, स्थायी या आंशिक दिव्यांगता की स्थिति में 2.50 लाख रुपये तथा दुर्घटना के कारण अस्पताल में भर्ती होने पर 25 हजार रुपये तक की सहायता राशि प्रदान की जाती है। बीमा का पूरा प्रीमियम केंद्र और राज्य सरकार संयुक्त रूप से वहन करती हैं, जिससे हितग्राहियों पर किसी प्रकार का आर्थिक भार नहीं पड़ता।
राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड (एनएफडीबी), हैदराबाद के सहयोग से गो-डिजिट इंश्योरेंस कंपनी द्वारा पात्र हितग्राहियों के बीमा दावों का भुगतान किया जाता है। यह व्यवस्था आकस्मिक दुर्घटनाओं की स्थिति में मत्स्य पालकों और उनके परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करती है।
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना का उद्देश्य देश में ‘नीली क्रांति’ को गति देना, मत्स्य उत्पादन बढ़ाना, आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देना, कोल्ड स्टोरेज एवं आइस प्लांट जैसे बुनियादी ढांचे का विकास करना, नए रोजगार के अवसर सृजित करना तथा मछुआरों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करना है। साथ ही योजना के माध्यम से मत्स्य पालकों को वित्तीय सहायता, सामाजिक सुरक्षा और आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी मिल रहा है।
मत्स्य पालन विभाग का कहना है कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि मत्स्य पालकों और उनके परिवारों के लिए सुरक्षा कवच के रूप में कार्य कर रही है। इससे जिले के मत्स्य पालक अधिक विश्वास के साथ इस व्यवसाय से जुड़ रहे हैं और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

- सर्वसुविधायुक्त स्वास्थ्य सेवाओं के साथ आध्यात्मिक मूल्यों की मिसाल पेश कर रहा मनसा नर्सिंग होम..नौ दिवसीय गणेशोत्सव का भव्य समापन, ‘बप्पा’ को भावभीनी विदाई..डॉक्टरों व स्टाफ ने की क्षेत्रवासियों के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना.. - September 22, 2026
- MP-CG की सहमति के बाद भी नहीं मिला एरियर, सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, 17 दिसंबर को प्रदेशव्यापी आंदोलन… - September 22, 2026
- छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग में बंपर नियुक्तियों के अवसर, व्याख्याता के 854 पदों पर होगी भर्ती, जानिए पूरी खबर… - September 22, 2026
