सारंगढ़-बिलाईगढ़, 18 सितम्बर 2026। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों में एक साथ चित्रकारी प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिले के 1206 विद्यालयों में आयोजित इस रचनात्मक आयोजन में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और रंगों व रेखाओं के माध्यम से सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी, राष्ट्र निर्माण, पर्यावरण संरक्षण तथा विकसित भारत के अपने सपनों को कागज पर उकेरा। बच्चों की रचनात्मकता और उत्साह से विद्यालयों का वातावरण जीवंत नजर आया।
इस व्यापक अभियान में जिले के 1009 शासकीय विद्यालयों ने सहभागिता की। इनमें 518 प्राथमिक, 373 माध्यमिक तथा 112 हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालय शामिल हैं। इसके अलावा 197 निजी विद्यालयों में भी चित्रकारी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शिक्षा विभाग द्वारा कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के सभी विद्यालयों को अभियान से जोड़ते हुए विद्यार्थियों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की गई।
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। किसी चित्र में स्वच्छ और सुंदर समाज की तस्वीर दिखाई दी तो किसी में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक एकता, शिक्षा, सहयोग और राष्ट्र निर्माण का संदेश नजर आया। कई विद्यार्थियों ने विकसित भारत की अपनी कल्पना को चित्रों के जरिए बेहद रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
नन्हे हाथों में रंग और कूची आते ही कागज पर बच्चों के सपनों की दुनिया साकार होती दिखाई दी। विद्यार्थियों ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि समाज में सकारात्मक बदलाव केवल बड़े प्रयासों से ही नहीं, बल्कि छोटे-छोटे सेवा भाव और जिम्मेदारी से भी संभव है। प्रतियोगिता ने बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का अवसर भी दिया।
ग्रामीण अंचलों से लेकर नगरीय क्षेत्रों तक सभी विद्यालयों में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। प्राथमिक कक्षाओं के छोटे बच्चों से लेकर हाई एवं हायर सेकेंडरी स्तर के विद्यार्थियों तक ने अपनी-अपनी कल्पना और सोच के अनुसार चित्र बनाए। शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें विषय के अनुरूप रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर आयोजित इस सामूहिक गतिविधि में शिक्षा विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, शिक्षकों एवं संबंधित विद्यालयों की सक्रिय भूमिका रही। जिले के 1206 विद्यालयों में एक साथ हुई चित्रकारी प्रतियोगिता ने सेवा संकल्प अभियान को नई पीढ़ी से जोड़ने का काम किया।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से बच्चों को सेवा, सहभागिता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने की यह पहल जिले में सकारात्मक संदेश लेकर आई। रंगों से सजे इन चित्रों में बच्चों ने केवल अपनी कला का प्रदर्शन नहीं किया, बल्कि बेहतर समाज और विकसित भारत के अपने सपनों को भी आकार दिया।


- सारंगढ़ में ‘सेवा संकल्प’ की नई पहल, हर बच्चे तक पहुंचेगी शिक्षा.. - September 18, 2026
- सारंगढ़ की संतोषी के लिए महतारी वंदन बनी उम्मीद की किरण… - September 18, 2026
- सारंगढ़ में हजारों दीयों से जगमगाया माई नाथलदाई मंदिर, सेवा संकल्प में दिखी श्रद्धा और जनभागीदारी की रोशनी… - September 18, 2026
