सारंगढ़। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने वीएसके (VSK) ऐप में आ रही तकनीकी त्रुटियों और एरर को लेकर शिक्षकों की चिंताओं पर बड़ा आश्वासन दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐप की तकनीकी समस्याओं के कारण किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा। शिक्षकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
मंत्री यादव ने बताया कि राज्य सरकार ने शिक्षक संगठनों एवं शिक्षकों से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लिया है। संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम को निर्देश दिए गए हैं कि वीएसके ऐप में आ रही सभी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। सरकार का लक्ष्य 15 अगस्त तक ऐप की सभी तकनीकी खामियों को दूर कर इसे पूरी तरह सुचारु बनाना है, ताकि शिक्षक बिना किसी परेशानी के अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर सकें।
शिक्षा मंत्री ने प्रदेश के शिक्षकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के लगभग 1 लाख 75 हजार शिक्षकों में से करीब 1.5 लाख शिक्षक प्रतिदिन वीएसके ऐप के माध्यम से अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। यह लगभग 85 प्रतिशत सहभागिता दर्शाती है कि प्रदेश के शिक्षक नई तकनीक को अपनाकर शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और आधुनिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षण कार्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि डिजिटल व्यवस्था को सफल बनाने में भी अहम योगदान दे रहे हैं। सरकार उनके अनुशासन, सहयोग और समर्पण का सम्मान करती है। शिक्षकों से प्राप्त सुझावों और अनुभवों के आधार पर वीएसके ऐप को और अधिक सरल, उपयोगी एवं प्रभावी बनाया जाएगा।
मंत्री गजेंद्र यादव ने दोहराया कि राज्य सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुविधा और हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि किसी शिक्षक को तकनीकी कारणों से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में कठिनाई होती है, तो उसके हित पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे और किसी भी शिक्षक को तकनीकी खामी का नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा। उन्होंने सभी शिक्षकों से अपील की कि वे पूर्व की तरह वीएसके ऐप का उपयोग जारी रखें तथा किसी भी तकनीकी समस्या या सुझाव की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक अवश्य पहुंचाएं, ताकि समयबद्ध सुधार कर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक तकनीक-सक्षम एवं प्रभावी बनाया जा सके।

- साइकल की सौगात से बेटियों के सपनों को मिली नई उड़ान-संजय भूषण पाण्डेय - August 1, 2026
- सारंगढ़:खाद्य सुरक्षा पर सख्ती: दुकानों की जांच, खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे… - August 1, 2026
- सारंगढ़:धरती को हराभरा बनाने मारवाड़ी महिला सम्मेलन का संकल्प, अशोका पब्लिक स्कूल में 20 पौधे रोपे… - August 1, 2026




