सारंगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत शिक्षा से वंचित एवं पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से पीएम श्री स्कूल सारंगढ़ में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं जनप्रतिनिधियों ने मां सरस्वती के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। कलेक्टर ने बच्चों और अभिभावकों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, पारिवारिक परिस्थितियों और भविष्य के लक्ष्यों की जानकारी ली।
कार्यक्रम के दौरान धानी जांगड़े ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण आठवीं कक्षा के बाद उनकी पढ़ाई छूट गई थी और उन्हें काम के लिए जम्मू-कश्मीर जाना पड़ा। अब वापस लौटकर उन्होंने कक्षा 9वीं में प्रवेश लिया है और दोबारा पढ़ाई जारी कर रही हैं। वहीं प्रियंका निषाद ने कक्षा 9वीं के बाद ओपन स्कूल के माध्यम से 10वीं उत्तीर्ण कर अब 11वीं में प्रवेश लिया है। कलेक्टर से संवाद में प्रियंका ने डॉक्टर बनने की इच्छा जताई, जिस पर कलेक्टर ने उसे मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य की दिशा में लगातार मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया।
बड़े खैरा निवासी ध्रुव कुमार यादव ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्हें पढ़ाई छोड़कर हरियाणा के ईंट-भट्ठे में काम करने जाना पड़ा था। अब वापस लौटकर उन्होंने फिर से पढ़ाई शुरू की है और कक्षा 10वीं में अध्ययनरत हैं। बच्चों की इन संघर्षपूर्ण कहानियों ने यह संदेश दिया कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन हों, सही अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर शिक्षा की राह दोबारा पकड़ी जा सकती है।
बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शिक्षक भरतलाल सहित जिले के 8 शिक्षकों को कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने सम्मानित किया। साथ ही बच्चों को पुस्तक एवं पेन वितरित कर नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में संदेश दिया गया कि आर्थिक और पारिवारिक कारणों से शिक्षा से दूर हुए बच्चों को सहयोग, प्रोत्साहन और उचित मार्गदर्शन देकर उनके सपनों को नई उड़ान दी जा सकती है। सेवा संकल्प अभियान इसी सोच के साथ बच्चों को दोबारा स्कूल से जोड़कर उनके भविष्य को मजबूत बनाने की दिशा में प्रयास कर रहा है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, सदस्य ज्योति पटेल, एसडीएम उमेश साहू, जिला शिक्षा अधिकारी, डीएमसी नरेश चौहान सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।


- “मां” की मौत का दर्द लेकर इंसाफ की तलाश में दर-दर भटकता बेटा!अब सिर्फ सारंगढ़ एसपी सुनील शर्मा से न्याय की उम्मीद..जमीन विवाद के बाद बुजुर्ग मां की मौत से टूटा परिवार…दोषियों पर जल्द कार्रवाई की लगाई गुहार.. - September 19, 2026
- सारंगढ़ में शिक्षा की राह लौटे बच्चे, सेवा संकल्प ने जगाई नई उम्मीद… - September 19, 2026
- सारंगढ़ में सेवा संकल्प का असर, छूटी पढ़ाई फिर शुरू; बच्चों ने बुना सुनहरा भविष्य… - September 19, 2026
