सारंगढ़। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था स्थापित करने के लिए सुनील शर्मा के नेतृत्व में सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने जिलेभर में विशेष चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाकर एक बार फिर कानून के प्रति अपनी गंभीरता का परिचय दिया। पुलिस अधीक्षक के स्पष्ट निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और कम उम्र में दोपहिया व चारपहिया वाहन चला रहे नाबालिगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए उन्हें और उनके परिजनों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान मुख्य चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहन चला रहे नाबालिगों को रोककर उन्हें बताया गया कि कम उम्र में वाहन चलाना न केवल उनके स्वयं के जीवन के लिए खतरनाक है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, ट्रैफिक सिग्नल के पालन तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक नियमों की विस्तार से जानकारी दी।
अभियान की सबसे महत्वपूर्ण पहल यह रही कि पुलिस ने केवल नाबालिग चालकों को समझाइश देकर नहीं छोड़ा, बल्कि उनके माता-पिता और अभिभावकों को संबंधित थानों एवं चौकियों में बुलाकर काउंसलिंग की। अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में समझाया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन देना मोटर यान अधिनियम के तहत गंभीर कानूनी अपराध है और इससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। पुलिस ने अभिभावकों से अपने बच्चों के भविष्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील भी की।
जागरूकता के साथ-साथ नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई भी की गई। यातायात शाखा सारंगढ़ द्वारा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 4/181 एवं 5/180 के तहत ₹20,000 का जुर्माना वसूला गया। वहीं कनकबीरा चौकी में 3 प्रकरण दर्ज कर ₹2,000 तथा थाना भटगांव में परिजनों के खिलाफ 3 प्रकरणों में ₹3,000 की चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के नेतृत्व में लगातार चलाए जा रहे जनहित और सुरक्षा केंद्रित अभियानों से जिले में कानून के प्रति लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। महिला सुरक्षा, नशे के खिलाफ अभियान, अपराध नियंत्रण और अब सड़क सुरक्षा को लेकर उनकी सक्रिय कार्यशैली की आमजन सराहना कर रहे हैं। इस अभियान ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस केवल कानून का पालन कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों की जान बचाने और सुरक्षित समाज बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।




- वैभव सूर्यवंशी केवल 15 की उम्र में संभालेंगे टीम की जिम्मेदारी, ईशान किशन करेंगे कप्तानी… - July 30, 2026
- सारंगढ़:नाबालिगों पर सख्ती, सड़क सुरक्षा पर बड़ी पहल: एसपी सुनील शर्मा की मुहिम से जिले में अनुशासन की नई मिसाल… - July 30, 2026
- छत्तीसगढ़:8 माओवादियों ने डाले हथियार, पुलिस के सामने किया सरेंडर; लच्छू और रंगा जैसे कुख्यात भी शामिल… - July 30, 2026




