सारंगढ़। नगर में गौ सम्मान अभियान के तहत रविवार को बड़े मठ मंदिर से भव्य जनजागरण रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ गौ माता के विधिवत पूजन के साथ हुआ। बड़ी संख्या में गौ श्रद्धालु, संत समाज, महिलाएं और युवा अभियान से जुड़ते हुए बड़े मठ मंदिर से छोटे मठ मंदिर, नंदा चौक, आजाद चौक और भारत माता चौक होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां केंद्र सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर गौ संरक्षण से जुड़ी विभिन्न मांगें रखीं।
रैली में प्रियव्रत स्वर्णकार, महंत गिरधारी महाराज बंशीधर दास मिश्रा, रामू दुबे, समीर सिंह ठाकुर, संतोष अग्रवाल सहित अनेक सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। केसरवानी महिला समिति की महिलाओं ने एक समान परिधान में भाग लेकर आकर्षण का केंद्र बनीं। पूरे आयोजन में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।
आयोजकों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य पूरे देश में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कराने के साथ-साथ गौ माता को राष्ट्रीय माता अथवा राष्ट्रीय आराध्य का संवैधानिक सम्मान दिलाने की मांग को मजबूती से उठाना है। ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार से गौ सेवा के कार्यों के प्रभावी संचालन के लिए स्वतंत्र गौ सेवा मंत्रालय के गठन की मांग भी की गई।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि गौ आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ठोस नीति और प्रभावी कानून बनाए जाएं। आयोजकों का कहना है कि गौ पालन, गोबर और गोमूत्र आधारित उत्पादों को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा और रोजगार के नए अवसर प्रदान किए जा सकते हैं। इसके लिए शासन-प्रशासन से शीघ्र आवश्यक कदम उठाने की अपील की गई।
पूरी रैली के दौरान “जय श्रीराम” और “गौ माता की जय” के जयघोष से शहर का वातावरण भक्तिमय बना रहा। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी सुनीता बंजारे अपनी टीम के साथ पूरे रूट पर तैनात रहीं और रैली को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


- सारंगढ़:बारिश बनी आफत, उफनते लात नाला में पूरी रात पेड़ के सहारे फंसे रहे बुजुर्ग, सुबह रेस्क्यू टीम ने बचाई जान… - July 27, 2026
- सारंगढ़:उफनते लातनाला ने निगली कार, कलेक्टर-एसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा… - July 27, 2026
- शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई… - July 27, 2026




