सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में महिलाओं को सरकारी योजना का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल अजय लक्ष्मै को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमीषा पाण्डेय के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की। ग्राम जेवरा निवासी मोतिन यादव सहित कई गांवों की महिलाओं ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि अजय लक्ष्मै, दिनेश बंजारे, उत्तम बाई बंजारे तथा अन्य एजेंट गांव-गांव जाकर ‘छत्तीसगढ़ युवा समाज सुधार समिति’ के नाम से संचालित कथित ‘नारी सम्मान निधि योजना’ को सरकारी योजना बताकर लोगों से निवेश करवा रहे थे।
आरोपियों ने महिलाओं को लालच दिया कि जमा की गई राशि 20 महीने में दोगुनी हो जाएगी, हर महीने 10 प्रतिशत अनुदान मिलेगा और यदि कोई ऋण लेकर योजना में पैसा जमा करेगा तो उसकी लोन की किश्त भी संस्था जमा करेगी। इन झूठे वादों के झांसे में आकर आसपास के गांवों के सैकड़ों लोगों ने निवेश किया, जिससे आरोपियों ने करीब ₹2 करोड़ 38 लाख 22 हजार 260 की ठगी कर ली।
शिकायत की जांच के बाद थाना सारंगढ़ में 23 जुलाई 2026 को अपराध क्रमांक 351/26 के तहत धारा 318(4) एवं 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी अजय लक्ष्मै को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने ठगी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और रजिस्टर जब्त किए हैं। इसके बाद 24 जुलाई 2026 को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, उपनिरीक्षक नरेंद्र मनहर, प्रधान आरक्षक भँवर काटले, आरक्षक मिनिकेतन पटेल, अरविंद सिदार, योगेश सहित सिटी कोतवाली के समस्त पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि इस मामले में अन्य आरोपियों और एजेंटों की तलाश एवं जांच लगातार जारी है।

- सारंगढ़ पहुंचेंगी कांग्रेस की सह-प्रभारी जरिता लैतफलांग, कार्यकर्ताओं संग करेंगी अहम मंथन… - July 26, 2026
- एसपी सुनील शर्मा की सख्ती और टीआई प्रमोद यादव की रणनीति का असर, 30 लीटर महुआ शराब के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार… - July 26, 2026
- सारंगढ़:’नारी सम्मान निधि’ के नाम पर 2.38 करोड़ की ठगी, मास्टरमाइंड गिरफ्तार… - July 26, 2026




