सारंगढ़-बिलाईगढ़, 25 जुलाई 2026। खेल एवं युवा कल्याण संचालनालय, छत्तीसगढ़ रायपुर द्वारा वर्ष 2026 के राज्य खेल अलंकरण एवं विभिन्न प्रतिष्ठित खेल पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं खेल क्षेत्र से जुड़े पात्र अभ्यर्थी 05 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन वित्तीय वर्ष 2025-26 (1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026) के दौरान अर्जित उपलब्धियों के आधार पर स्वीकार किए जाएंगे।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि राज्य खेल अलंकरण के लिए आवेदन केवल खेल एवं युवा कल्याण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन माध्यम से ही मान्य होंगे। वहीं नगद राशि पुरस्कार एवं डाइट मनी (खेलवृत्ति) के लिए आवेदन सीधे संचालनालय, संबंधित खेल संघ अथवा जिला कार्यालय में भी जमा किए जा सकते हैं।
इन पुरस्कारों में शहीद राजीव पांडे पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, पंकज विक्रम सम्मान, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद विनोद चौबे सम्मान, मुख्यमंत्री ट्रॉफी, नगद राशि पुरस्कार एवं डाइट मनी (खेलवृत्ति) शामिल हैं।
शहीद राजीव पांडे पुरस्कार राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सीनियर खिलाड़ियों को दिया जाता है, जबकि शहीद कौशल यादव पुरस्कार जूनियर वर्ग के राष्ट्रीय पदक विजेताओं के लिए है। पंकज विक्रम सम्मान उन खिलाड़ियों को मिलेगा जिन्होंने पिछले पांच वर्षों में चार बार सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया हो। वीर हनुमान सिंह पुरस्कार प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को, जबकि शहीद विनोद चौबे सम्मान खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 55 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ खिलाड़ियों एवं खेल सेवियों को प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाली टीमों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी, विभिन्न आयु वर्गों के पदक विजेता खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार तथा 19 वर्ष तक के पात्र खिलाड़ियों को डाइट मनी (खेलवृत्ति) का लाभ भी दिया जाएगा।
खेल विभाग ने सभी पात्र खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल संघों से समय-सीमा के भीतर आवेदन कर राज्य के सर्वोच्च खेल सम्मान प्राप्त करने का अवसर लेने की अपील की है।

- छातादेई पंचायत मे पूर्व सरपंच ने सरकारी तिजोरी को बनाया था ‘पारिवारिक खजाना’!पत्नी के खाते में डाला पंचायत का फंड, जांच बैठते ही खुली भ्रष्टाचार की पोल.. - July 25, 2026
- सारंगढ़:4 अगस्त को आबकारी प्रकरण की पेशी, वाहन मालिक को कलेक्टर न्यायालय का नोटिस… - July 25, 2026
- सारंगढ़:5 अगस्त तक करें आवेदन, खिलाड़ियों के लिए सुनहरा मौका… - July 25, 2026




