सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के निर्माणाधीन संयुक्त जिला कार्यालय भवन परिसर में शनिवार को हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा सहित जिले के लगभग सभी विभागीय अधिकारियों ने संयुक्त रूप से पौधारोपण किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने निर्माणाधीन कार्यालय भवन का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा भी लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने तहसीलदार एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों से संयुक्त जिला कार्यालय परिसर के चारों ओर बन रहे विभिन्न शासकीय कार्यालयों और निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप पूरा करने के निर्देश भी दिए।
इसके पश्चात सभी अधिकारियों ने परिसर की बाउंड्री के समीप उत्साह और उल्लास के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अधिकारियों ने कहा कि यह पौधारोपण केवल हरियाली बढ़ाने का प्रयास नहीं, बल्कि नवीन जिला कार्यालय परिसर को पर्यावरण के अनुकूल और सुंदर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से भी अपने घर, कार्यालय और आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की, ताकि प्रकृति का संतुलन बनाए रखने में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, एसडीएम उमेश साहू, डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





