सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत संचालित छत्तीसगढ़ के प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए काउन्सलिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विभागीय वेबसाइट पर पात्र छात्र-छात्राओं की सूची और काउन्सलिंग की तिथियां जारी कर दी गई हैं।
प्रवेश के लिए काउन्सलिंग 22 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक संबंधित आवंटित प्रयास आवासीय विद्यालयों में प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जाएगी। चयनित विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा।

काउन्सलिंग में ये दस्तावेज साथ लाना होगा जरूरी
काउन्सलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को कक्षा 8वीं की प्रथम श्रेणी (60 प्रतिशत) उत्तीर्ण अंकसूची, प्रधानपाठक या प्राचार्य द्वारा जारी अध्ययनरत होने का सत्यापन प्रमाण पत्र, पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीड़ित प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), 10 रुपये के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पर अल्पसंख्यक वर्ग संबंधी नोटरी सत्यापित प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
इसके अलावा विशेष श्रेणी के विद्यार्थियों को दिव्यांगता, दिव्यांग माता-पिता के बच्चे, अनाथ, विधवा या परित्यक्ता महिला के बच्चे, अथवा देश की रक्षा या कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस, अर्द्धसैनिक या सशस्त्र बल के जवान के आश्रित होने संबंधी प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
काउन्सलिंग के बाद संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश के पात्र विद्यार्थियों को तीन दिनों के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकल सेल जांच प्रमाण पत्र जमा करना होगा। विभाग ने सभी पात्र विद्यार्थियों और अभिभावकों से निर्धारित तिथि पर समय पर उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है।




