सारंगढ़। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की जिला इकाई सारंगढ़ के पदाधिकारियों ने नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा से उनके कार्यालय में सौजन्य मुलाकात कर जिले में व्यापार, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर चैंबर पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक का शॉल ओढ़ाकर, पुष्पगुच्छ एवं शिव पुराण भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। प्रतिनिधिमंडल ने जिले में व्यापारियों के लिए सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में पुलिस प्रशासन के निरंतर सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने चैंबर प्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिले में व्यापारियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या, संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
मुलाकात के दौरान व्यापारियों और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा अपराध नियंत्रण में आपसी सहयोग बढ़ाने पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक एवं पूर्व वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष नंद किशोर अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र अग्रवाल, जिलाध्यक्ष संगीत सिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष घनश्याम बंसल, संरक्षक रामकुमार बानी, नत्थूलाल अग्रवाल, अमित मलिक, विकास अग्रवाल (कलगीडीपा), मनीष धनानिया सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में चैंबर परिवार की ओर से पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा को सारंगढ़ जिले में पदस्थापना पर शुभकामनाएं एवं बधाई दी गई।





