सारंगढ़-बिलाईगढ़, 17 जुलाई 2026। जिले में स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं व उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से ग्राम टिमरलगा स्थित एक निजी होटल में ‘तेजस स्टार्टअप कार्यशाला’ का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला भारत सरकार के डीपीआईआईटी, भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (अहमदाबाद) एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, सारंगढ़-बिलाईगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय तथा अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यशाला में स्टार्टअप छत्तीसगढ़ की ओर से प्रीति खण्डेलवाल, भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान से अरविंद द्विवेदी तथा अग्रणी बैंक अधिकारी सी.एस. ठाकुर ने प्रतिभागियों को स्टार्टअप की संभावनाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यशाला में राइस मिल एसोसिएशन, डिक्की एसोसिएशन, क्रशर एसोसिएशन, स्व-सहायता समूहों तथा एफपीओ के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेषज्ञों ने उद्यमिता विकास, स्टार्टअप पंजीयन, फंडिंग, सरकारी सहायता योजनाओं तथा नवाचार आधारित व्यवसायों पर विस्तार से जानकारी देते हुए प्रतिभागियों को अपने अभिनव विचारों को सफल व्यवसाय का रूप देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने बिहान स्व-सहायता समूह की महिलाओं को नवाचार आधारित उत्पाद तैयार करने, आकर्षक पैकेजिंग अपनाने और अपने उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री के लिए अमेज़न, फ्लिपकार्ट जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जा सकता है। साथ ही प्रतिभागियों से कार्यशाला के संबंध में सुझाव एवं फीडबैक भी मांगा।
अग्रणी बैंक अधिकारी सी.एस. ठाकुर ने बैंकिंग प्रक्रियाओं, ऋण सुविधाओं तथा वित्तीय सहायता से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए उद्यम शुरू करने के लिए उपलब्ध बैंकिंग विकल्पों से प्रतिभागियों को अवगत कराया। कार्यशाला में उपस्थित प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन नियमित रूप से किए जाने की अपेक्षा जताई।

- सारंगढ़:पैंगोलिन मौत का सनसनीखेज खुलासा, वन विभाग ने आरोपी को भेजा जेल.. - September 15, 2026
- सारंगढ़:आरक्षण के कथित उल्लंघन पर सतनामी समाज का प्रदर्शन कल, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपेंगे राज्यपाल के नाम ज्ञापन… - September 15, 2026
- सारंगढ़:गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा झरियापारा, सिद्धि विनायक मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा.. - September 15, 2026
