सारंगढ़-बिलाईगढ़, 16 जुलाई 2026। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित आयुष्मान वय वंदन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में जिले ने पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
इस सफलता का श्रेय कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के कुशल नेतृत्व, प्रभावी रणनीति और स्वास्थ्य विभाग की सक्रिय कार्यशैली को दिया जा रहा है। कलेक्टर ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र नागरिक तक पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जमीनी स्तर पर सुनियोजित अभियान चलाया। जिला आयुष्मान भारत योजना समन्वयक रोशन सचदेव, सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों, मितानिनों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के समन्वित प्रयासों से पात्र वरिष्ठ नागरिकों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने की दिशा में उल्लेखनीय सफलता मिली।
आयुष्मान वय वंदन कार्ड के माध्यम से 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को आय की परवाह किए बिना प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक का निःशुल्क एवं कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है। जिले की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि प्रशासन ने घर-घर पहुंचकर लाभार्थियों की पहचान, पंजीयन और कार्ड वितरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
इस ऐतिहासिक सफलता पर जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम, मैदानी अमले और सभी सहयोगी कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके समर्पित कार्य की सराहना की है। साथ ही प्रशासन ने अन्य स्वास्थ्य योजनाओं में भी इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन को बनाए रखने का संकल्प दोहराया है।

- संजू की होगी वापसी या वैभव और अभिषेक करेंगे ओपनिंग, जानें पहले टी20 में कैसी हो सकती है टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन… - September 13, 2026
- छत्तीसगढ़:इंस्टाग्राम रील देखकर शेयर ट्रेडिंग के जाल में फंसा कारोबारी, ₹94.50 लाख गंवाए… - September 13, 2026
- छत्तीसगढ़ में स्कूलों के लिए नई गाइडलाइन जारी, अब प्रिंसिपल को भी रोजाना लेने होंगे 2 पीरियड, बड़े कमरों में बैठेंगे छात्र… - September 13, 2026
