सारंगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए लंबे समय से आधार कार्ड से वंचित एक बच्चे का सफलतापूर्वक आधार नामांकन कराया। जिला प्रबंधक टीम की सक्रिय पहल पर आधार ऑपरेटर गोपेश्वर साहू स्वयं बच्चे के घर पहुंचे और पूरी आधार नामांकन प्रक्रिया निःशुल्क संपन्न कराई। इससे अब बच्चे के लिए आधार से जुड़ी विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करने का रास्ता खुल गया है।
शासन द्वारा 23 जून 2026 को जारी ई-गवर्नेंस सर्विसेज के निर्देश के तहत ऐसे बच्चों की पहचान की गई थी, जिनकी आयु पांच वर्ष से अधिक होने के बावजूद उनका आधार कार्ड नहीं बन पाया था। जांच के दौरान इस बच्चे का मामला सामने आया, जिसके परिजनों ने बिलाईगढ़, भटगांव, सरसीवा और सारंगढ़ के कई आधार केंद्रों पर अनेक बार प्रयास किया था, लेकिन विशेष पारिवारिक परिस्थितियों के कारण आधार नामांकन संभव नहीं हो सका।
बच्चे की माता मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं, जबकि पिता परिवार से अलग हो चुके हैं। ऐसे में परिवार बेहद कठिन हालात में जीवनयापन कर रहा था। इस मानवीय स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर जिला प्रशासन ने विशेष पहल की और घर पहुंचकर बच्चे का आधार नामांकन कराया।
इस अवसर पर आवेदक सुमत राम बंजारे एवं सुमित्रा कुमारी घृतलहरे ने कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गंगाधर विश्वकर्मा तथा आधार ऑपरेटर गोपेश्वर साहू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन की मानवीय और संवेदनशील कार्यशैली के कारण जरूरतमंद बच्चे को समय पर उसका महत्वपूर्ण पहचान दस्तावेज उपलब्ध हो सका। यह पहल जरूरतमंद नागरिकों तक शासन की सेवाएं पहुंचाने की जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।

- अवकाश के बाद हॉस्टल लौटा ही नहीं था अश्वनी!..के.पी. स्कूल बंधापाली के पुख्ता रिकॉर्ड्स ने खारिज किए लापरवाही के आरोप…अब जांच के घेरे में अज्ञात कॉल और खरसिया कनेक्शन.. - September 13, 2026
- गांजा तस्करों पर सरिया पुलिस का शिकंजा, थाना प्रभारी की मुस्तैदी से 10.761 किलो गांजा बरामद… - September 13, 2026
- भादी अमावस्या पर दादी के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब… - September 13, 2026
