सारंगढ़-बिलाईगढ़, 14 जुलाई 2026। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में जिले के सभी विभागों के कार्यों और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री जनदर्शन एवं अन्य जनशिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर समन्वय, जवाबदेही और समयबद्ध कार्य संस्कृति अपनाने के निर्देश दिए तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने विद्युत विभाग को योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने और अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों तक इसका लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। वहीं नगरीय निकायों की समीक्षा के दौरान सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारियों (सीएमओ) को नियमित साफ-सफाई, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा नागरिक सुविधाओं में निरंतर सुधार करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने निश्चय मित्र अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार, टीबी मुक्त जिला अभियान को और प्रभावी बनाने, टीबी मरीजों को पोषण किट वितरण तथा नियमित स्वास्थ्य जांच की मैदानी स्तर पर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही एचपीवी टीकाकरण के लिए विस्तृत कैलेंडर तैयार कर नियमित रिपोर्टिंग करने तथा हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को संभावित प्रसव तिथि से एक सप्ताह पूर्व अस्पताल में भर्ती कराने के निर्देश भी दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की जनपदवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी अधूरे आवासों को इसी माह पूर्ण कराने के निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था मजबूत करने, डस्टबिन अथवा प्लास्टिक बोरी उपलब्ध कराने तथा स्वच्छता के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
नगरीय निकायों में संचालित निर्माण कार्यों, आंगनबाड़ी भवनों तथा अमृत मिशन के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में कुपोषण की स्थिति, कुपोषण मुक्त हुए बच्चों की प्रगति तथा महतारी वंदन योजना के लंबित ई-केवाईसी की जानकारी लेते हुए शेष हितग्राहियों का ई-केवाईसी शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। वहीं स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा में सभी शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित करने, बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों पर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा विद्यार्थियों के लंबित जाति प्रमाण पत्र शीघ्र बनवाने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान एग्रीस्टेक पंजीयन में तेजी लाने, किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने तथा आगामी धान खरीदी को देखते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में खाद की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए पर्याप्त भंडारण बनाए रखने और खाद के उठाव में तेजी लाने पर भी जोर दिया।
बैठक के अंत में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का गंभीरता से निर्वहन करें।



