सारंगढ़-बिलाईगढ़, 14 जुलाई 2026। जिले में बेटियों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 13 से 18 जुलाई 2026 तक विशेष एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण सप्ताह चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिले के सभी पालकों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष से कम आयु की सभी पात्र बेटियों को नजदीकी टीकाकरण केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल अथवा विद्यालय में ले जाकर एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं।
कलेक्टर ने कहा कि यह टीका भविष्य में सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का सुरक्षित, प्रभावी एवं वैज्ञानिक उपाय है। शासन द्वारा यह जीवनरक्षक वैक्सीन पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे हर पात्र बालिका इसका लाभ उठा सके।
उन्होंने अभिभावकों से किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रांति पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि बेटियों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए समय पर टीकाकरण बेहद आवश्यक है। साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों से इस जन-जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।
कलेक्टर ने कहा कि “एक टीका, सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा का मजबूत कवच है। स्वस्थ बेटी ही सुरक्षित और समृद्ध भविष्य की आधारशिला है।” उन्होंने सभी पालकों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने और प्रत्येक पात्र बेटी का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने की अपील की।



