सारंगढ़-बिलाईगढ़, 9 जुलाई 2026। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। आबकारी आयुक्त पी.एस. एल्मा के निर्देश, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू तथा जिला आबकारी अधिकारी संतराम वर्मा के मार्गदर्शन में गुरुवार को जिला स्तरीय उड़नदस्ता टीम ने ग्राम पचपेड़ी में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में हाथभट्टी निर्मित कच्ची महुआ शराब एवं महुआ लहान जब्त किया। इस पूरी कार्रवाई में उड़नदस्ता प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी आनंद वर्मा की सक्रिय नेतृत्व क्षमता, त्वरित निर्णय और प्रभावी रणनीति की सराहना की जा रही है।
विश्वसनीय सूचना मिलने पर आनंद वर्मा के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम पचपेड़ी में उमेश केरकेट्टा एवं गणेशराम टंडन के रिहायशी मकानों पर विधिवत दबिश दी। गवाहों की उपस्थिति में तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध हाथभट्टी महुआ शराब तथा शराब निर्माण में प्रयुक्त महुआ लहान बरामद हुआ।
पहले प्रकरण में आरोपी उमेश केरकेट्टा के कब्जे से 45 लीटर हाथभट्टी निर्मित कच्ची महुआ शराब एवं 225 किलोग्राम महुआ लहान जब्त किया गया। वहीं दूसरे प्रकरण में आरोपी गणेशराम टंडन के पास से 50 लीटर हाथभट्टी निर्मित कच्ची महुआ शराब तथा 240 किलोग्राम महुआ लहान बरामद किया गया।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उड़नदस्ता प्रभारी आनंद वर्मा के नेतृत्व में आबकारी विभाग अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ पूरी मुस्तैदी से कार्रवाई कर रहा है। उनकी सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और कानून के प्रति प्रतिबद्धता के कारण जिले में अवैध शराब के नेटवर्क पर लगातार प्रभावी प्रहार हो रहे हैं।
इस कार्रवाई को सफल बनाने में आबकारी उपनिरीक्षक रामेश्वर सिंह राठिया एवं उड़नदस्ता टीम के अन्य कर्मचारियों का भी उल्लेखनीय योगदान रहा। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।




- थाना प्रभारी एन.एल. राठिया की सख्ती से जुआरियों में हड़कंप, 11 आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार… - August 27, 2026
- संत रविदास जयंती पर सारंगढ़ आएंगे वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी… - August 26, 2026
- रक्षाबंधन से पहले ‘विष्णु भैया’ का तोहफा, बहनों के चेहरे खिले… - August 26, 2026
