छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र में चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले एक नाबालिग सहित चार आरोपियों को भखारा पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू, नगदी राशि, मोबाइल फोन और तूफान वाहन भी बरामद कर जब्त कर लिया है।
मवेशी ले जाते समय युवक का अपहरण
थाना प्रभारी तामेश्वर सिंह नेताम ने बताया कि, 6 जुलाई की रात करीब 10 बजे बगोली निवासी मनीष सोनवानी पिता खम्मन सोनवानी अपने पिता के साथ छोटा हाथी वाहन में मवेशी लेकर अपने चाचा खेमूराम बंजारे के घर ग्राम रिवांगहन जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम दर्री और रिवांगहन के बीच झुरमुट के पास पहले से घात लगाए बैठे तूफान वाहन सवार चार आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया।
लूटपाट के दौरान युवक पर हमला
आरोपियों ने मवेशी ले जाने की बात पूछते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ-मुक्कों तथा लातों से मारपीट की। इसके बाद चाकू दिखाकर प्रार्थी से 50 हजार रुपये नगद लूट लिए तथा 28,500 रुपये क्यूआर कोड के माध्यम से आरोपी नीरज ध्रुवंशी के खाते में ट्रांसफर करा लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड से हमला किया और मनीष सोनवानी की गर्दन पर चाकू अड़ाकर जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई में 4 आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही भखारा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की घेराबंदी कर उन्हें कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में नागेंद्र साहू (19 वर्ष) एवं एक अपचारी बालक निवासी ग्राम भेंडरवानी, तथा नीरज ध्रुवंशी (23 वर्ष) एवं विनय ध्रुवंशी (24 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम कसही शामिल हैं।
पुलिस ने जब्त किए अपराध में प्रयुक्त सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू, लूटी गई नगदी, मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त तूफान वाहन बरामद कर जब्त कर लिया है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना भखारा में अपराध क्रमांक 77/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(6), 311 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
- जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय की अनोखी पहल से सारंगढ़ जिला पंचायत में मनेगा ऐतिहासिक रक्षाबंधन पर्व..आपसी सद्भावना और अटूट विश्वास की मिसाल पेश करेंगे जनप्रतिनिधि व अधिकारी.. - August 26, 2026
- जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने सारंगढ़ स्वास्थ्य केंद्र का लिया औचक जायजा…अस्पताल में सुधार के दिए कड़े निर्देश..एनआरसी केंद्र की व्यवस्थाओं की जमकर की तारीफ.. - August 26, 2026
- सिर्फ 12 घंटे खाना छोड़ने से घटेगा वजन? क्या है ओवरनाइट फास्टिंग और इसका तरीका… - August 26, 2026
