सारंगढ़। जिला अस्पताल सारंगढ़ ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए प्रधानमंत्री नि:शुल्क डायलिसिस सेवा के अंतर्गत 1500 से अधिक सफल नि:शुल्क डायलिसिस सत्र पूरे कर इतिहास रच दिया है। इस उपलब्धि से जिले के किडनी रोगियों को बड़ी राहत मिली है और अब उन्हें इलाज के लिए रायगढ़, बिलासपुर या अन्य बड़े शहरों की ओर जाने की मजबूरी नहीं रही।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में संचालित इस सेवा को जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन तथा सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के प्रभावी प्रबंधन ने नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। जिला प्रशासन के सहयोग और स्वास्थ्य विभाग की सक्रिय कार्यशैली के कारण मरीजों को अत्याधुनिक एवं पूरी तरह नि:शुल्क डायलिसिस सुविधा लगातार उपलब्ध कराई जा रही है।
जिला अस्पताल की डायलिसिस यूनिट आज जिले के किडनी मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की सतत निगरानी में संक्रमण मुक्त वातावरण में समयबद्ध तरीके से डायलिसिस किया जाता है। डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और तकनीकी विशेषज्ञ न केवल मरीजों का उपचार करते हैं, बल्कि उन्हें मानसिक संबल और आत्मविश्वास भी प्रदान करते हैं, जिससे मरीजों में तेजी से सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने कहा कि 1500 से अधिक डायलिसिस सत्र पूरे होना केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि उन सैकड़ों परिवारों की उम्मीदों और विश्वास का प्रतीक है, जिन्हें जिला अस्पताल ने बेहतर उपचार उपलब्ध कराकर नई जिंदगी देने का प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि पूरी मेडिकल टीम आगे भी इसी समर्पण और सेवा भावना के साथ मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस उपलब्धि पर जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने पूरी मेडिकल टीम को बधाई देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद मजबूत इच्छाशक्ति, बेहतर प्रबंधन और टीमवर्क से उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी जिला अस्पताल स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और गुणवत्ता के नए आयाम स्थापित करेगा तथा यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

- थाना प्रभारी एन.एल. राठिया की सख्ती से जुआरियों में हड़कंप, 11 आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार… - August 27, 2026
- संत रविदास जयंती पर सारंगढ़ आएंगे वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी… - August 26, 2026
- रक्षाबंधन से पहले ‘विष्णु भैया’ का तोहफा, बहनों के चेहरे खिले… - August 26, 2026
