छुईखदान पुलिस ने साइबर अपराध और सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित मास्टरमाइंड राहुल देवांगन सहित दीपक निर्मलकर, राहुल जंघेल और विजय कुमार साहू को गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि किराये पर लिए गए बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन कर सट्टा और साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।
भारत सरकार के गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल एवं एनसीआरबी से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक, छुईखदान शाखा के खाताधारक दीपक निर्मलकर के खाते की जांच की।
जांच में करीब 1.69 करोड़ रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन का खुलासा हुआ। पूछताछ में दीपक ने बताया कि उसने अपना बैंक खाता राहुल जंघेल को 12 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर दिया था।
राहुल जंघेल से पूछताछ में राजफाश हुआ कि बैंक खातों का उपयोग महाराष्ट्र के मुंबई स्थित पलावा सिटी के एक किराये के फ्लैट से संचालित सट्टेबाजी और साइबर ठगी नेटवर्क में किया जाता था। देशभर में साइबर ठगी से प्राप्त रकम इन खातों में जमा कराई जाती थी।
25 हजार प्रतिमाह भुगतान
जांच में पुलिस को पता चला कि पूरे नेटवर्क का संचालन राहुल देवांगन करता था, जो गिरोह से जुड़े लोगों को करीब 25 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन देता था।
पूछताछ में राहुल देवांगन ने ऑनलाइन सट्टेबाजी और गेमिंग नेटवर्क चलाने की बात स्वीकार की। वहीं, विजय कुमार साहू वर्तमान में कबीरधाम जिले के गगरिया खम्हरिया गांव में रहकर नेटवर्क का संचालन कर रहा था।
चारों आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे पिछले लगभग दो वर्षों से फेयर प्ले, रेड्डी अन्ना, जयराम और शिवा बुक जैसे सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभिन्न राज्यों में अवैध कारोबार चला रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19 एटीएम कार्ड, 5 बैंक पासबुक, 14 मोबाइल फोन, एक लैप टाप सहित लगभग 10.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
साथ ही बैंक खातों में मौजूद पांच लाख रुपये की राशि फ्रीज कराई गई है।
पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ बीएनएस और आइटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मामले में अन्य संदिग्धों और बैंक खातों की जांच जारी है।
- थाना प्रभारी एन.एल. राठिया की सख्ती से जुआरियों में हड़कंप, 11 आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार… - August 27, 2026
- संत रविदास जयंती पर सारंगढ़ आएंगे वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी… - August 26, 2026
- रक्षाबंधन से पहले ‘विष्णु भैया’ का तोहफा, बहनों के चेहरे खिले… - August 26, 2026
