सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले को नशामुक्त बनाने और अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए अवैध शराब कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पांडेय के सख्त निर्देश तथा जिले के राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान जिलेभर में एक साथ छापेमार कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने ग्रामीण एवं सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय अवैध शराब विक्रेताओं के ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कुल 7 आबकारी प्रकरण दर्ज किए गए तथा 106.68 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। पुलिस ने मौके से शराब बनाने में उपयोग किए जाने वाले उपकरण भी बरामद किए और भारी मात्रा में तैयार किए जा रहे लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह लगातार विशेष अभियान चलाए जाएंगे। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए अवैध कारोबारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



