छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री के साथ ही सांपों का खतरा बढ़ गया है। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में सर्पदंश का मामला सामने आया है। यहां बिस्तर पर सो रहे पिता और उसकी बेटी को एक जहरीले सांप ने डस लिया है।

जिससे दोनों की मौत हो गई। सर्पदंश के बाद परिजन अस्पताल ले जाने की जगह झाड़-फूंक में लगे रहे।
मामला जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के डंभाटोली गांव का है। यहां के रहने वाले शनिचरा पैंकरा अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ जमीन पर लेटे थे। रात करीब 12 बजे एक जहरीला सांप उनके बिस्तर पर चढ़ गया और उसने शनिचरा और उसकी 4 वर्षीय बेटी महंती को डस लिया। थोड़ी देर बाद जब शनिचरा की नींद खुली तो उसने अपने बिस्तर में फन फैलाए बैठे जहरीले सांप को देखा।
झाड़-फूंक करवाते रहे परिजन
सांप देखकर उसने जोर से आवाज लगाई। जिसके बाद उसकी पत्नी और दूसरा बच्चा भी जाग गया। इसके थोड़ी देर बाद पिता और उसके चार साल की बेटी की तबीयत बिगड़ने लगी। जिसके बाद परिजनों ने झाड़- फूंक करने वालों को बुलाया। परिजन समय पर अस्पताल ले जाने की जगह झाड़-फूंक करने में लगे रहे।
तबियत बिगड़ने पर लेकर गए अस्पताल
थोड़ी देर बाद दोनों की तबियत ज्यादा बिगड़ने लगी जिसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। दोनों को शंकरगढ़ अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने चार साल की मासून को महंती को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शनिचरा को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
बलरामपुर जिले में सर्पदंश का मामला
सर्पदंश से पिता और बेटी की मौत
अस्पताल ले जाने की जगह झाड़-फूंक करते रहे
पहले बेटी की मौत उसके बाद पिता ने तोड़ा दम
परिवार में पसरा मातम
एक ही घर में दो लोगों की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है। सर्पदंश के मामले को लेकर लोगों को अलर्ट किया गया है। प्रशासन के साथ-साथ हेल्थ विभाग की टीम ने भी लोगों से अपील की है कि संर्पदंश का मामला सामने आने पर झाड़-फूंक करने की जगह पहले अस्पताल लेकर आए और इलाज कराएं।


