घंटों बैठे रहने और ज्यादा तला-भुना खाने की वजह से पेट की चर्बी बढ़ना आज एक आम समस्या बन चुकी है। इसके लिए लोग घंटों जिम में पसीना बहाते हैं, लेकिन सिर्फ एक्सरसाइज करना काफी नहीं है।

बेली फैट कम करने के लिए आपको अपनी लाइफस्टाइल में भी कुछ सुधार करने पड़ेंगे। आइए जानें कुछ ऐसे ही छोटे-मोटे बदलावों के बारे में, जो आपकी पेट की चर्बी को कम करने में काफी मददगार साबित हो सकते हैं।
कैसे कम करें बेली फैट?
संतुलित और हल्का खाना अपनाएं- पेट की चर्बी कम करने के लिए सबसे पहले अपने खाने पर ध्यान दें। तली-भुनी और प्रोसेस्ड चीजों से बचें। दिन की शुरुआत हल्के और प्रोटीन से भरपूर नाश्ते से करें, जैसे ओट्स, दही, अंडे या सलाद। छोटे-छोटे मील्स लेने से मेटाबॉलिज्म तेज रहता है और पेट भारी नहीं लगता।
शुगर और रिफाइंड कार्ब्स कम करें- मीठा, जंक फूड और रिफाइंड कार्ब्स जैसे ब्रेड, केक, कुकीज और सॉफ्ट ड्रिंक्स पेट की चर्बी बढ़ाते हैं। इन्हें सीमित मात्रा में लें और हेल्दी ऑप्शन चुनें, जैसे ब्राउन राइस, क्विनोआ, दलिया और ताजे फल।
प्रोटीन पर ध्यान दें- प्रोटीन मसल्स बनाए रखने और भूख को कंट्रोल करने में मदद करता है। अपनी डाइट में अंडा, दालें, पनीर, चिकन या टोफू को शामिल करें। यह न सिर्फ पेट की चर्बी कम करता है, बल्कि आपको लंबे समय तक संतुष्ट भी रखता है।
भरपूर मात्रा में पानी पिएं- हाइड्रेशन मेटाबॉलिज्म को बढ़ावा देता है और भूख को कंट्रोल में रखता है। इसलिए दिनभर में 2-3 लीटर पानी पिएं। खाने से 20-30 मिनट पहले पानी पीना भी मददगार है।
फाइबर की मात्रा बढ़ाएं- फाइबर पाचन को सुधारता है और पेट की चर्बी कम करने में मदद करता है। हरी सब्जियां, फल, ओट्स और साबुत अनाज जैसे फाइबर युक्त फूड्स को अपने आहार में शामिल करें।
नींद पूरी लें- नींद की कमी पेट की चर्बी बढ़ा सकती है। जब नींद पूरी नहीं होती, तो शरीर में स्ट्रेस हार्मोन बढ़ते हैं, जिससे वजन बढ़ता है। रोजाना 7-8 घंटे की नींद लेना जरूरी है।
स्ट्रेस को मैनेज करें- ज्यादा स्ट्रेस लेने से पेट की चर्बी जमा होती है। ध्यान, मेडिटेशन, गहरी सांसें या हरी-भरी जगहों पर समय बिताना स्ट्रेस कम करने के आसान तरीके हैं।
फिजिकल एक्टिविटी अपनाएं- अगर आप क्रंचेस या कार्डियो नहीं करना चाहते, तो भी हल्की फिजिकल एक्टिविटी पेट की चर्बी कम करने में मदद करती है। रोजाना 20-30 मिनट तेज चलना, सीढ़ियां चढ़ना, घर के काम करना या थोड़ी स्ट्रेचिंग करने से भी चर्बी कम करने में मदद मिलती है।


