छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक बच्ची घायल हो गई। घटना धौरपुर थाना क्षेत्र के डुमकी गांव की है।

आकाशीय बिजली गिरने से पांच वर्षीय सागर, नौ साल की रानी और 36 साल के रामसाय की मौत हो गई। जबकि इस घटना में सागर की बड़ी बहन श्रद्धा घायल हो गई।
आम के बगीचे पर गए थे
मामले की जानकारी अधिकारियों ने दी। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम करीब चार बजे डुमकी गांव में बच्चे पेड़ से गिरे आम एकत्र कर रहे थे कि तभी तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई और बच्चे पास के एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। अधिकारी ने बताया कि उसी समय चरवाहा रामसाय भी वहां आकर खड़ा हो गया। उन्होंने बताया कि इसी दौरान पेड़ के समीप आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे दो बच्चों और चरवाहे की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और मृतकों के शव तथा घायल बालिका को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरगुजा संभाग में बारिश का अलर्ट
इस बीच, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के दौरान सरगुजा जिले के विभिन्न हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक और मानसूनी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। जिला प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे तथा बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की।
छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत
सरगुजा जिले में अचानक बदला मौसम
बगीचे पर आम इकट्ठा करने गए थे लोग
पुलिस ने दर्ज किया मामला, गांव में पसरा मातम
छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री
छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री हो गई है। मानसून ने राज्य के 90 फीसदी हिस्से को कवर कर लिया है। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले चार दिनों में मौसम इसी तरह का रहेगा।


