सारंगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना डोंगरीपाली पुलिस ने थाना प्रभारी भगवती प्रसाद कुर्रे के कुशल नेतृत्व में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए करीब 94 किलो अवैध गांजा बरामद कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय के निर्देश एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी सारंगढ़ श्रीमती संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में जिलेभर में जुआ, सट्टा, शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 29 जून 2026 को थाना प्रभारी भगवती प्रसाद कुर्रे को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा की ओर से एक आयशर ट्रक में भारी मात्रा में गांजा की तस्करी की जा रही है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कुर्रे ने अपनी टीम के साथ ग्राम डोंगरीपाली मोड़, सुहेला-बरमकेला मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की। कुछ ही देर बाद संदिग्ध आयशर ट्रक क्रमांक UP 30 DT 5256 को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में करीब 12 टन इमली से भरी बोरियों के नीचे बड़ी चतुराई से छिपाकर रखा गया 94 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 40 हजार रुपये बताई गई।
पुलिस ने ट्रक के चालक जगत मोदक (निवासी धनबाद, झारखंड) तथा खलासी सुनील बर्मा (निवासी नर्मदापुरम, मध्यप्रदेश) को मौके से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त 15 लाख रुपये मूल्य का आयशर ट्रक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
आरोपियों के विरुद्ध थाना डोंगरीपाली में अपराध क्रमांक 27/26 के तहत धारा 20(बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी भगवती प्रसाद कुर्रे की सतर्कता, त्वरित रणनीति और प्रभावी नेतृत्व की विशेष सराहना हो रही है। अभियान को सफल बनाने में सउनि छोटे लाल सिदार, प्रधान आरक्षक गजानंद पटेल, आरक्षक ओमप्रकाश सिंह, सुदर्शन राणा, गोपी सिदार, किरण यादव सहित थाना डोंगरीपाली के समस्त पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस की इस कार्रवाई से गांजा तस्करों में हड़कंप मच गया है और जिले में अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद बढ़ी है।



