सारंगढ़-बिलाईगढ़, 24 जून 2026। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में नगरपालिका सारंगढ़ के विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों और ठेकेदारों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में शहर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, टेंडर प्रक्रिया तथा लंबित परियोजनाओं की स्थिति का बिंदुवार अवलोकन किया गया।
समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने सारंगढ़ में प्रस्तावित सेंट्रल लाइब्रेरी निर्माण, मुड़ा तालाब के करोड़ों रुपये के विकास कार्य, इंडोर स्टेडियम के लिए भूमि समतलीकरण, शहर की साफ-सफाई व्यवस्था तथा लोहारीन डबरी, तुर्की तालाब, तिवारी तालाब और नया तालाब के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए आबादी क्षेत्र से दूर उपयुक्त स्थान का चयन करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि जिस ठेकेदार को कार्य आवंटित किया गया है, वही निर्माण कार्य कराएगा। किसी भी स्थिति में कार्य पेटी ठेकेदार (सब-कॉन्ट्रैक्टर) को नहीं सौंपा जाएगा। उन्होंने सभी निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करने की चेतावनी देते हुए नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
बैठक में 15वें वित्त आयोग, राज्य प्रवर्तित योजना, डीएमएफ, अधोसंरचना मद तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की जल आवर्धन योजना के अंतर्गत कुम्हारपारा में पानी की टंकी निर्माण सहित विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सहसपुर में आंगनबाड़ी एवं बाउंड्रीवाल निर्माण, गधाभांठा, रानीसागर और बुटीपारा के आंगनबाड़ी केंद्रों में बाउंड्रीवाल निर्माण की प्रगति भी देखी गई।
इसके अलावा सारंगढ़ में सीसी रोड एवं नाली निर्माण, भोजपुर में सामुदायिक भवन, कुटेला, जूनाडीह और चिंगरीपाली में मुक्तिधाम शेड निर्माण, सहसपुर में सांस्कृतिक भवन, विद्युत खंभा विस्तार, विशालपुर एवं प्रतापगंज स्कूल के पास रंगमंच निर्माण, वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक एलईडी लाइट स्थापना, घोघरा नाला में पचरी निर्माण तथा पंडित लोचन प्रसाद पांडे कॉलेज की बाउंड्रीवाल निर्माण जैसे कार्यों की टेंडर प्रक्रिया, प्रारंभ, अपूर्ण एवं पूर्ण कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर उमेश साहू, एसडीएम वर्षा बंसल, लोक निर्माण विभाग एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के एसडीओ, नगर पालिका सीएमओ ज्ञान पुंज कुलमित्र सहित संबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे।

- प्रमोद यादव की सख्ती से जुआरियों में हड़कंप, ताश के फड़ पर दबिश देकर 7 आरोपी गिरफ्तार… - June 24, 2026
- सारंगढ़:यातायात नियम तोड़े तो जेब हुई ढीली, दो दिन के अभियान में ₹55 हजार से ज्यादा का जुर्माना वसूला… - June 24, 2026
- आपातकाल लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला, इतिहास को कभी नहीं भूलना चाहिए : लोकेश कांवरिया.. - June 24, 2026


