सारंगढ़-बिलाईगढ़, 24 जून 2026। कुष्ठ प्रभावित व्यक्तियों एवं उनके बच्चों के पुनर्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में विकासखंड सारंगढ़ ने सराहनीय उपलब्धि हासिल की है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेन्द्र वैष्णव के नेतृत्व में 12 पात्र हितग्राहियों का चयन कर उनका प्रस्ताव छत्तीसगढ़ वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर, चांपा भेजा गया है।
चयनित हितग्राहियों को विभिन्न आईटीआई ट्रेडों में 1 से 2 वर्ष तक का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें निःशुल्क आवासीय छात्रावास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। यह प्रशिक्षण राज्य एवं केंद्र शासन से मान्यता प्राप्त संस्थान द्वारा संचालित होगा, जिससे प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद शासकीय, अर्धशासकीय तथा निजी संस्थानों में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
यह पहल केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि कुष्ठ रोग से जुड़े सामाजिक कलंक और भेदभाव को समाप्त करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इस योजना के माध्यम से प्रभावित परिवारों को सम्मानजनक जीवन, आर्थिक आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य की नई राह मिलेगी।
इस उल्लेखनीय कार्य में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामलाल सिदार, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक नन्दलाल ईजारदार, जिला कुष्ठ सलाहकार एच.के. तिवारी, पर्यवेक्षक आर.के. मैत्री, ब्लॉक नोडल लेप्रोसी जितेन्द्र यादव तथा मिशन ट्रांसमिशन फ्री प्रोजेक्ट की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्वास्थ्य विभाग सारंगढ़ के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने चयनित हितग्राहियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की।

- प्रमोद यादव की सख्ती से जुआरियों में हड़कंप, ताश के फड़ पर दबिश देकर 7 आरोपी गिरफ्तार… - June 24, 2026
- सारंगढ़:यातायात नियम तोड़े तो जेब हुई ढीली, दो दिन के अभियान में ₹55 हजार से ज्यादा का जुर्माना वसूला… - June 24, 2026
- आपातकाल लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला, इतिहास को कभी नहीं भूलना चाहिए : लोकेश कांवरिया.. - June 24, 2026


