सारंगढ़-बिलाईगढ़, 24 जून 2026। जिले में विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही अब भारी पड़ सकती है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नगर पंचायत सरिया के सीएमओ, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस), पीएम ग्राम सड़क योजना, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अधिकारियों, इंजीनियरों एवं उप अभियंताओं की समीक्षा बैठक लेकर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा का गहन मूल्यांकन किया।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण कार्यों में लापरवाही, उदासीनता या अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो इंजीनियर अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन नहीं करेंगे, उनके विरुद्ध निलंबन जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने निर्माण स्थलों पर श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए, ताकि सभी परियोजनाएं तय समय पर पूरी हो सकें और आम जनता को उनका लाभ मिल सके।
बैठक में गौरव पथ, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, आईटीआई भवन सहित जिले के अन्य महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए अधिकारियों से नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले सभी निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जाए और गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न हो। बैठक में संबंधित विभागों के कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उप अभियंता एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

- सारंगढ़:हरेली के चलते जिला मेडिकल बोर्ड की बैठक निरस्त, अब अगले बुधवार होगा शिविर… - August 11, 2026
- ‘सक्षम सारंगढ़’ की नई उड़ान: चार दिव्यांगजनों को मिला स्वरोजगार का सहारा, प्रशिक्षण सामग्री पाकर बनेंगे आत्मनिर्भर… - August 11, 2026
- “सारंगढ़ में 15 हजार स्वामित्व कार्ड तैयार, मंत्री वर्मा ने हितग्राहियों को सौंपे अधिकार अभिलेख”… - August 11, 2026




