सारंगढ़। कलेक्टर एवं जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) की अध्यक्ष पद्मिनी भोई साहू ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में डीएमएफ शाखा एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में डीएमएफ मद से संचालित विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी खरीदी कार्य अनिवार्य रूप से जेम (GeM) पोर्टल के माध्यम से ही किए जाएं तथा जिला स्तरीय क्रय समिति की अनुमति एवं निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना किसी भी प्रकार की निविदा (टेंडर) जारी नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने डीएमएफ प्रभारी एवं एसडीएम सारंगढ़ वर्षा बंसल को जिला स्तरीय क्रय समिति के लिए आवश्यक प्रोटोकॉल एवं दिशा-निर्देश तैयार कर जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग शासन के नियमों एवं पारदर्शी प्रक्रिया का पूरी तरह पालन करते हुए कार्य करें, ताकि विकास कार्यों में गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
बैठक में डीएमएफ फंड से जिले में संचालित एवं लंबित कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधूरे एवं लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि नाली निर्माण सहित सभी विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं।
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और समय-सीमा में उन्हें पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में एसडीएम सारंगढ़ वर्षा बंसल, डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा सहित जिले के सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



