सारंगढ़। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल ने पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के हितों की सुरक्षा और योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है। श्रम विभाग द्वारा 30 जून 2026 तक सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के विवरण का आधार कार्ड के अनुरूप सत्यापन एवं संशोधन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभाग ने सभी पात्र श्रमिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने पंजीयन की त्रुटियों का सुधार अवश्य करा लें, ताकि भविष्य में किसी भी योजना का लाभ लेने में परेशानी न हो।
इस अभियान के तहत आधार आधारित ई-केवाईसी प्रक्रिया शुरू करने से पहले श्रमिकों के पंजीयन रिकॉर्ड का आधार कार्ड से मिलान किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से ऑनलाइन संचालित होगी। पंजीकृत श्रमिकों को अपने मूल आधार कार्ड के साथ नजदीकी सीएससी केंद्र पहुंचना होगा, जहां वीएलई ऑपरेटर उनकी पहचान का भौतिक सत्यापन कर पोर्टल के रजिस्ट्रेशन अपडेट मॉड्यूल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन दर्ज करेगा।
श्रम विभाग के अनुसार इस प्रक्रिया में आधार कार्ड के अनुसार हिंदी एवं अंग्रेजी में नाम, जन्म तिथि, लिंग तथा मोबाइल नंबर जैसी त्रुटियों का संशोधन किया जाएगा। संशोधन के लिए आधार कार्ड की स्पष्ट प्रति और श्रमिक का सहमति पत्र अनिवार्य रहेगा। सत्यापन के दौरान ई-साइन, मोबाइल ओटीपी प्रमाणीकरण तथा श्रमिक की लाइव फोटो कैप्चर की जाएगी। आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने के बाद प्राप्त आवेदन क्रमांक के माध्यम से उसकी स्थिति भी ऑनलाइन ट्रैक की जा सकेगी।
श्रम विभाग ने बताया कि अधिक जानकारी या किसी प्रकार की सहायता के लिए श्रमिक जिला श्रम विभाग कार्यालय अथवा जनपद पंचायत स्थित श्रम संसाधन केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से समय रहते अपना विवरण अपडेट कराने की अपील की है, ताकि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिलता रहे।



