बिलाईगढ़। वनांचल क्षेत्र की समस्याओं को लेकर लगातार सक्रिय रहने वाले सोनाखान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने जिला खनिज न्यास (DMF) की वर्तमान नियमावली पर सवाल उठाते हुए सोनाखान क्षेत्र को इसका लाभ दिलाने की मांग तेज कर दी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था के अनुसार DMF का लाभ केवल जिला मुख्यालय से 25 किलोमीटर के दायरे तक सीमित है, जिससे सोनाखान जैसे खनिज संभावनाओं वाले वनांचल क्षेत्र विकास से वंचित रह रहे हैं।
युधिष्ठिर नायक ने बताया कि हाल ही में समाचार माध्यमों से जानकारी मिली है कि सोनाखान क्षेत्र के बाघमाड़ा गांव में वेदांता कंपनी द्वारा सोने की टेस्टिंग एवं अन्वेषण कार्य किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि यहां देश का चौथा सबसे बड़ा स्वर्ण भंडार मिलने की संभावना है, जो पूरे क्षेत्र और प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। ऐसे में यदि इस खनिज संपदा से शासन को भविष्य में बड़ा राजस्व प्राप्त होने वाला है, तो स्थानीय क्षेत्र के विकास के लिए DMF फंड का उपयोग नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में क्षेत्र में प्रतिदिन सैकड़ों वाहनों की आवाजाही हो रही है। भारी मशीनें, इंजीनियर, ऑपरेटर और बाहरी श्रमिक लगातार यहां पहुंच रहे हैं, जिससे स्थानीय संसाधनों पर भी दबाव बढ़ रहा है। इसके बावजूद क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों का कोई प्रत्यक्ष लाभ नहीं मिल रहा है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि प्रस्तावित खदान क्षेत्र के कम से कम 10 किलोमीटर के दायरे में DMF फंड का उपयोग तत्काल प्रारंभ किया जाए, ताकि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विकास हो सके और वनांचल क्षेत्र को उसका उचित अधिकार मिल सके।
उन्होंने बताया कि इस गंभीर मुद्दे को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और प्रमुख नागरिक भी चिंतित हैं तथा विभिन्न स्थानों पर बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। जनसमर्थन जुटाने के साथ शासन तक मांग पहुंचाने की पहल जारी है। युधिष्ठिर नायक ने इस संबंध में बिलाईगढ़ विधायक, बलौदा बाजार कलेक्टर तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर DMF नियमों में आवश्यक संशोधन एवं सोनाखान क्षेत्र के विकास के लिए शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया है।


- सारंगढ़:सोनाखान के विकास को लेकर कांग्रेस की हुंकार, DMF फंड का लाभ देने की उठी मांग… - June 24, 2026
- सारंगढ़:पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने उठी मांग, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन… - June 24, 2026
- सारंगढ़:समय-सीमा बैठक में कलेक्टर सख्त: सड़क सुरक्षा, अवैध कब्जे और कुपोषण पर दिए कड़े निर्देश… - June 24, 2026


