भटगांव। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ की तहसील इकाई भटगांव ने प्रदेश में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और स्वतंत्र पत्रकारिता को मजबूत बनाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वर्ष 2023 में पारित पत्रकार सुरक्षा विधेयक को शीघ्र प्रभाव से लागू करने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में शासन और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। विशेषकर नवगठित सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में कार्यरत पत्रकार विभिन्न चुनौतियों और कठिन परिस्थितियों के बीच निष्पक्ष एवं जनहित से जुड़े समाचारों का संकलन और प्रकाशन कर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
संघ ने बताया कि जनहित के मुद्दों को उजागर करने के कारण कई पत्रकारों को दुर्भावनापूर्ण शिकायतों, अनावश्यक दबाव और प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। इससे पत्रकारों में असुरक्षा का माहौल बन रहा है। कई मामलों में पर्याप्त जांच के बिना ही पत्रकारों के विरुद्ध अपराध दर्ज किए जाने जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्ष 2023 में पत्रकार सुरक्षा संबंधी विधेयक विधानसभा से पारित होकर राजपत्र में प्रकाशित भी हो चुका है, लेकिन अब तक इसे पूर्ण रूप से लागू नहीं किया गया है। संघ ने सरकार से मांग की कि पत्रकारों को कानूनी संरक्षण प्रदान करने तथा स्वतंत्र पत्रकारिता को प्रोत्साहित करने के लिए इस विधेयक को जल्द से जल्द प्रभावी बनाया जाए।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ तहसील इकाई भटगांव के अध्यक्ष धर्मेंद्र साहू सहित रूपनारायण सिंह राजपूत, सुरेश रघु, रामदुलार साहू, योगेश जायसवाल, उमाशंकर धीवर, गणपत बंजारे, खिलेश्वर पटेल एवं अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।

- सारंगढ़:हरेली के चलते जिला मेडिकल बोर्ड की बैठक निरस्त, अब अगले बुधवार होगा शिविर… - August 11, 2026
- ‘सक्षम सारंगढ़’ की नई उड़ान: चार दिव्यांगजनों को मिला स्वरोजगार का सहारा, प्रशिक्षण सामग्री पाकर बनेंगे आत्मनिर्भर… - August 11, 2026
- “सारंगढ़ में 15 हजार स्वामित्व कार्ड तैयार, मंत्री वर्मा ने हितग्राहियों को सौंपे अधिकार अभिलेख”… - August 11, 2026




