सारंगढ़-बिलाईगढ़, 22 जून 2026। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सोमवार को बरमकेला तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं, अभिलेख संधारण और आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही राजस्व सेवाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रिकॉर्ड रूम का अवलोकन करते हुए अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, महत्वपूर्ण दस्तावेजों के सुरक्षित संधारण तथा कार्यालयीन कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
कलेक्टर ने तहसीलदार पुष्पेंद्र कुमार राज के कक्ष सहित विभिन्न शाखाओं और अनुभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में साफ-सफाई, कर्मचारियों की उपस्थिति, रिकॉर्ड संधारण एवं नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों और कर्मचारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और प्रत्येक प्रकरण का पारदर्शी एवं त्वरित समाधान किया जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर तहसील कार्यालय परिसर के पीछे स्थित बंजर भूमि में आयोजित बीज उत्सव कार्यक्रम में भी शामिल हुईं। पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने स्वयं बीज रोपण किया तथा सीड बॉल (बीज गेंद) को बंजर भूमि में रोपित कर अधिक से अधिक पौधारोपण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के नवाचार भविष्य में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और हरित आवरण बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, तहसीलदार पुष्पेंद्र कुमार राज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

- सारंगढ़:हरेली के चलते जिला मेडिकल बोर्ड की बैठक निरस्त, अब अगले बुधवार होगा शिविर… - August 11, 2026
- ‘सक्षम सारंगढ़’ की नई उड़ान: चार दिव्यांगजनों को मिला स्वरोजगार का सहारा, प्रशिक्षण सामग्री पाकर बनेंगे आत्मनिर्भर… - August 11, 2026
- “सारंगढ़ में 15 हजार स्वामित्व कार्ड तैयार, मंत्री वर्मा ने हितग्राहियों को सौंपे अधिकार अभिलेख”… - August 11, 2026




