सारंगढ़-बिलाईगढ़, 22 जून 2026। कलेक्टर एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष पद्मिनी भोई साहू की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में रेडक्रॉस की जनसेवा गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विकास एवं सेवा संबंधी 8 महत्वपूर्ण एजेंडों पर विस्तृत चर्चा कर कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में पूर्व बैठक के प्रस्तावों की समीक्षा के साथ संरक्षक एवं आजीवन सदस्यता अभियान को गति देने, रेडक्रॉस की सेवा गतिविधियों एवं दुर्घटना सहायता कार्यों का विस्तार करने, नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने तथा रेडक्रॉस कार्यालय में डॉर्मेट्री एवं कैंटीन निर्माण के प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा कार्यालय सहायक एवं कंप्यूटर ऑपरेटर की भर्ती तथा कार्यालय के लिए टेबल, कुर्सी, कंप्यूटर और प्रिंटर जैसी आवश्यक सामग्री की खरीदी पर भी सहमति बनी।
प्रबंधन समिति ने परीक्षा केंद्रों के लिए पर्ची उपलब्ध कराने, समिति सदस्यों को प्रमाण-पत्र वितरित करने, रेडक्रॉस बैज क्रय करने तथा विभिन्न सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों के लिए 100 स्वयंसेवकों की टीम तैयार करने का निर्णय लिया। बैठक में यह भी तय किया गया कि जो सदस्य 100 योग्य सदस्यों को जोड़ेंगे, उन्हें प्रबंध समिति की बैठक में शामिल होने का अधिकार मिलेगा। वहीं 25 हजार रुपये का सहयोग देकर संरक्षक सदस्य बनने वालों को भी प्रबंध समिति में स्थान दिया जाएगा।
रेडक्रॉस की गतिविधियों को जिला स्तर से लेकर विकासखंड स्तर तक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सभी विकासखंडों में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की अध्यक्षता में रेडक्रॉस प्रबंधन समिति गठित करने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में रेडक्रॉस सोसाइटी के सभापति एवं उपसभापति, जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव सहित रेडक्रॉस सोसाइटी के सदस्य एवं आजीवन सदस्य उपस्थित रहे।

- तहसील कार्यालय पहुंचीं कलेक्टर, व्यवस्थाओं का लिया जायजा… बीज उत्सव में सीड बॉल रोपकर दिया हरियाली का संदेश… - June 22, 2026
- सारंगढ़:रेडक्रॉस को मिलेगा नया विस्तार, सेवा कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार… - June 22, 2026
- गिरौदपुरी में डॉ. सनम जांगड़े ने टेका मत्था, विकास कार्यों को बताया सरकार की प्राथमिकता… - June 22, 2026


