बिलाईगढ़। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं मेला समिति के सदस्य डॉ. सनम जांगड़े ने रविवार को संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी की जन्मभूमि एवं तपोभूमि गिरौदपुरी धाम पहुंचकर गुरुगद्दी में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए बाबा गुरु घासीदास जी के अमर संदेश “मनखे-मनखे एक समान” को स्मरण कर श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर डॉ. सनम जांगड़े ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी का “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश मानवता, सामाजिक समरसता और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बाबा गुरु घासीदास जी के आदर्शों पर चलते हुए समाज के सर्वांगीण विकास और समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बीते दो वर्षों में अनुसूचित जाति समाज के उत्थान एवं धार्मिक स्थलों के विकास को नई गति मिली है। गिरौदपुरी धाम में विशाल जैतखाम, मंदिर परिसर, अमृत कुंड, छाता पहाड़ तक सड़क, सीढ़ियों और प्रकाश व्यवस्था सहित अनेक विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुख्य प्रवेश द्वार से गुरुगद्दी तक लगभग 1200 मीटर लंबा स्थायी छायादार शेड 3 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है, जिससे धूप और बारिश के दौरान दर्शनार्थियों को राहत मिलेगी। इसके अलावा अन्य विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की गई है।
डॉ. जांगड़े ने बताया कि भंडारपुरी धाम के अधोसंरचना विकास हेतु 17 करोड़ 11 लाख 22 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिससे वहां शीघ्र ही विकास कार्य प्रारंभ होंगे। वहीं अनुसूचित जाति समाज के प्रतिभाशाली युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक वर्ष पांच युवाओं को पायलट प्रशिक्षण हेतु 15-15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही मड़वा धर्मशाला के निर्माण के लिए 50 लाख रुपये की स्वीकृति भी दी गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गिरौदपुरी मेले के बजट को 25 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दिया है, ताकि देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य, पेयजल, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जा सकें।
इस दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज श्री दुर्गा महेश्वर, मेला समिति सदस्य रामकुमार मिरी, नरोत्तम बघेल, डॉ. मोहन बांधे, हितेश रात्रे, सतीश रात्रे, करण साहू, चरणदास तेहरवंश, गोविंद घृतलहरे, कुंजराम कोसले, लता सोनवानी, अजय कुमार सांडे, सुनीता कोसले, राजेंद्र निराला, लक्ष्मीकांत टंडन, जयसन कोसले, मिथलेश बर्मन, प्रदीप कुर्रे, कमलेश कुर्रे, रमेश बंजारे, महेंद्र सिंह बारले सहित गिरौदपुरी धाम के वरिष्ठ समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

- तहसील कार्यालय पहुंचीं कलेक्टर, व्यवस्थाओं का लिया जायजा… बीज उत्सव में सीड बॉल रोपकर दिया हरियाली का संदेश… - June 22, 2026
- सारंगढ़:रेडक्रॉस को मिलेगा नया विस्तार, सेवा कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार… - June 22, 2026
- गिरौदपुरी में डॉ. सनम जांगड़े ने टेका मत्था, विकास कार्यों को बताया सरकार की प्राथमिकता… - June 22, 2026


