सारंगढ़-बिलाईगढ़, 22 जून 2026। बरमकेला विकासखंड के ग्राम पंचायत खिचरी स्थित समग्र शिक्षा अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव और बीज उत्सव ने शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश दिया। कार्यक्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने शामिल होकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया तथा जिले में चल रहे 1 लाख सीड बॉल निर्माण महाअभियान को नई गति दी।
विद्यालय परिसर को फलदार एवं छायादार वृक्षों के बीजों से तैयार आकर्षक सीड बॉल (मिट्टी के बीज गोले) से सजाया गया था, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक और नृत्य प्रस्तुतियां देकर माहौल को उत्सवमय बना दिया। कलेक्टर ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें गणवेश और पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया तथा बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन भी ग्रहण किया। विद्यालय की शिक्षिकाएं सुनीता यादव और सरिता सिदार छत्तीसगढ़ी पारंपरिक वेशभूषा में विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
बीज उत्सव के दौरान महिला स्व-सहायता समूहों ने विभिन्न प्रकार के बीजों से सीड बॉल तैयार किए। इन सीड बॉल्स को वर्षा ऋतु में गोमर्डा अभयारण्य एवं जिले के बंजर क्षेत्रों में फैलाया जाएगा, जिससे हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी।
जिले में चल रहे 1 लाख सीड बॉल निर्माण महाअभियान के तहत बरमकेला ब्लॉक की महिला समूहों ने अब तक 45 हजार से अधिक सीड बॉल तैयार कर उल्लेखनीय योगदान दिया है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने स्वयं सीड बॉल बनाकर अभियान में सहभागिता निभाई और जिलेवासियों से इस जनभागीदारी अभियान से जुड़कर प्रकृति संरक्षण में योगदान देने की अपील की।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य अभिलाषा नायक, सहोदरा सिदार, जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, बिहान की महिला सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

- तहसील कार्यालय पहुंचीं कलेक्टर, व्यवस्थाओं का लिया जायजा… बीज उत्सव में सीड बॉल रोपकर दिया हरियाली का संदेश… - June 22, 2026
- सारंगढ़:रेडक्रॉस को मिलेगा नया विस्तार, सेवा कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार… - June 22, 2026
- गिरौदपुरी में डॉ. सनम जांगड़े ने टेका मत्था, विकास कार्यों को बताया सरकार की प्राथमिकता… - June 22, 2026


