सारंगढ़-बिलाईगढ़, 21 जून 2026। नगर पंचायत सरिया में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति की आत्मा बताते हुए कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का मजबूत आधार भी है।
अपने संबोधन में डॉ. शर्मा ने कहा कि योग का पहला परिचय धर्म की रक्षा के लिए कुरुक्षेत्र की रणभूमि में हुआ, जब भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता का उपदेश देते हुए सांख्य योग के माध्यम से अधर्म के विरुद्ध संघर्ष का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का 12वां वर्ष मनाना हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है, क्योंकि योग आज पूरी दुनिया में भारत की पहचान बन चुका है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में योग की परिभाषा बदल गई है। अब यह केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि तन और मन के बीच संतुलन स्थापित करने वाला एक संपूर्ण विज्ञान बन गया है, जो व्यक्ति के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करता है।
भारत की युवा शक्ति का उल्लेख करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि भारत केवल जनसंख्या के आधार पर युवाओं का देश नहीं कहलाएगा, बल्कि योग के माध्यम से स्वस्थ और ऊर्जावान रहने वाला भारत ही वास्तविक युवा भारत होगा। योग शरीर को लचीला बनाने के साथ मानसिक दृढ़ता, आत्मविश्वास और संतुलन भी प्रदान करता है। उन्होंने इस भ्रम को भी दूर किया कि योग केवल युवाओं के लिए है। उनका कहना था कि योग करने वाला हर व्यक्ति स्वयं को युवा महसूस करता है और योग वास्तव में युवापन का पर्याय है।
डॉ. शर्मा ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से ही स्वस्थ, सशक्त और उज्ज्वल भारत का सपना साकार किया जा सकता है।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष अरुण शराप, जगन्नाथ पाणिग्राही, पार्षदगण सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

- स्वास्थ्य सेवाओं में सारंगढ़-बिलाईगढ़ की बड़ी छलांग, दो माह में एनक्यूएएस स्कोर में 39.4% का सुधार… - June 21, 2026
- अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस: “योग से युवा बनेगा भारत” — डॉ. वर्णिका शर्मा का प्रेरक संदेश… - June 21, 2026
- ड्रोन बनी आजीविका की उड़ान: सारंगढ़ की ‘लखपति दीदी’ सुनीता पटेल महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा… - June 21, 2026


