सारंगढ़। राजस्व कार्यों में घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता पर सारंगढ़ एसडीएम वर्षा बंसल ने कड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी रॉबिन्स भारद्वाज (पटवारी हल्का नंबर 8 बरदूला एवं अतिरिक्त प्रभार हल्का नंबर 1 सिंघनपुर) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें तहसील कार्यालय बरमकेला में संलग्न किया गया है। आदेश के अनुसार वे सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे तथा नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।
एसडीएम द्वारा जारी आदेश के तहत पटवारी हल्का नंबर 1 सिंघनपुर का अतिरिक्त प्रभार कृष्ण कुमार साहू को तथा पटवारी हल्का नंबर 8 बरदूला का अतिरिक्त प्रभार आनंद राम सिदार को उनके मूल कार्यों के साथ आगामी आदेश तक सौंपा गया है, ताकि राजस्व कार्य प्रभावित न हों।
शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार ग्राम खुडबेना निवासी कृषक नरेंद्र कुमार केशरवानी ने शिकायत की थी कि उनकी ऋण पुस्तिका बिना किसी वैध कारण के पटवारी रॉबिन्स भारद्वाज द्वारा अपने पास रखी गई थी। इतना ही नहीं, कृषक द्वारा बिक्री नकल की मांग किए जाने के बावजूद शिकायत की तिथि तक उन्हें बिक्री नकल उपलब्ध नहीं कराई गई।
जांच में पटवारी का यह कृत्य शासकीय कार्यों में घोर लापरवाही, कर्तव्य के प्रति उदासीनता एवं अनुशासनहीनता की श्रेणी में पाया गया। इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 का उल्लंघन मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की गई।
एसडीएम वर्षा बंसल की इस सख्त कार्रवाई से स्पष्ट संकेत मिला है कि राजस्व कार्यों में लापरवाही और आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा तथा दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



