सारंगढ़। छोटे दुकानदारों और ग्राहकों को रोजमर्रा के लेन-देन में आने वाली परेशानी को दूर करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स जिला इकाई सारंगढ़ एवं भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) मुख्य शाखा के संयुक्त तत्वावधान में साप्ताहिक बाजार में सिक्का वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल से बाजार में नकद लेन-देन को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य रोकड़िया नैमिष नायक एवं प्रमुख लेखपाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र अग्रवाल, जिला अध्यक्ष संगीत सिंह ठाकुर, घनश्याम बंसल, चंद्र प्रताप ठाकुर सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य भी मौजूद रहे।
साप्ताहिक बाजार में लंबे समय से सिक्कों की कमी के कारण छोटे खुदरा दुकानदारों और ग्राहकों को छुट्टे पैसों के लेन-देन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए चैंबर ऑफ कॉमर्स और एसबीआई ने संयुक्त रूप से सिक्का वितरण अभियान चलाया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में छोटे व्यापारियों, ठेला-गुमटी संचालकों एवं आम नागरिकों को विभिन्न मूल्यवर्ग के सिक्के वितरित किए गए।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारियों की छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान करना संगठन की प्राथमिकता है। वहीं बैंक अधिकारियों ने भी भविष्य में आवश्यकता के अनुसार इस तरह के सहयोग का भरोसा दिलाया।
स्थानीय व्यापारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सिक्कों की उपलब्धता से ग्राहकों के साथ लेन-देन में आसानी होगी, विवाद की स्थिति कम बनेगी और रोजमर्रा का कारोबार पहले की तुलना में अधिक सुचारु रूप से संचालित हो सकेगा। चैंबर ऑफ कॉमर्स और एसबीआई के संयुक्त प्रयास से संपन्न यह कार्यक्रम व्यापारियों के लिए बेहद उपयोगी और राहतभरा साबित हुआ।



